भाजपा को २०१९ में सत्ता से उखाड़ फेंकेंगे : राहुल

दिल्ली में जुटा विपक्ष ; उर्जित मामले में राष्ट्रपति से मिलेंगे

पांच विधानसभा चुनावों के नतीजे से एक दिन पहले सोमवार को दिल्ली में फिर विपक्ष के प्रमुख नेता जुटे। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलगुदेशम पार्टी के प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने यह बैठक बुलाई थी जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने हुंकार भरी कि २०१९ में हम भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकेंगे। विपक्ष ने ाररबीआई गवर्नर उर्जित पटेल के इस्तीफे को लेकर राष्ट्रपति से मुलाकात करने का भी संकेत दिया है।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बैठक के बाद कहा कि हमारा उद्देश्य भाजपा  को हराना और देश के संविधान और संस्थानों को बचाना है। गांधी ने पीएम मोदी पर भी हमला बोला। पत्रकारों ने उनसे पूछा तो आरबीआई गवर्नर के इस्तीफे पर राहुल ने कहा कि  सरकार सभी संस्थानों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही है। यह उनके इस्तीफों से प्रमाणित हो रहा है।
राहुल ने कहा – ”आरबीआई गवर्नर ने इस्तीफा दिया कि वो आरबीआई को बचाने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन बचा नहीं सके। मुझे उन लोगों पर गर्व है, जो सरकार के खिलाफ खड़े हैं। सीबीआई और आरबीआई में जो हुआ, हम उसे सहन नहीं करेंगे।”
विजय माल्या के प्रत्यर्पण पर भी राहुल बोले। कहा – ”माल्या का प्रत्यर्पण महत्वपूर्ण नहीं है, भारतीय बैंकों का भ्रष्टाचार अहम मुद्दा है। हम राफेल के  बारे में क्यों नहीं बात करते हैं। केवल मल्या के बारे में क्यों? भ्रष्टाचार की बात करना है, तो राफेल की बात करिए।”
मंगलवार से संसद  भी शुरू हो रही है और कल ही पांच विधानसभाओं के लिए हुए चुनाव के नतीजे आएंगे। नतीजे एग्जिट पोल के बताये जैसे आये तो संसद में विपक्ष, खासकर, कांग्रेस मोदी सरकार पर जोरदार हमला करेगी। अन्यथा भाजपा को एक बार फिर कांग्रेस पर हमला करने का मौका मिलेगा।
आज की विपक्ष की बैठक से मायावती दूर रहीं। मायावती अक्सर भाजपा के खिलाफ मजबूत गठबंधन की बात करती रही हैं लेकिन सच यह भी है कि उन्होंने हाल के विधानसभा चुनाव में वे कांग्रेस के खिलाफ मैदान में उतरी थी। यह चर्चा रही है कि भाजपा मायावती की बसपा को ”मैनेज” में सफल रही ताकि इन चुनावों में कांग्रेस के वोट का बँटबारा उस (भाजपा) के लिए फायदा दे सके।
सपा ने भी इस बैठक से दूरी बनाई ली हालाँकि अखिलेश यादव के पिताश्री इस बैठक में ख़ास तौर पर पहुंचे। वे इससे पहले शिवपाल यादव की पार्टी की बैठक में भी गए थे। दिल्ली के सीएम अरविन्द केजरीवाल भी बैठक में आये।
बैठक में कुल २० दलों के नेता आये।
नायडू २०१९ के लोक सभा चुनाव के लिए भाजपा के समक्ष मजबूत विपक्षी गठबंधन के लिए मेहनत कर रहे हैं। इसी पर चर्चा करने के लिए दिल्ली में यह बैठक नायडू ने आयोजित की थी। उधर बंगाल की सीएम ममता बनर्जी   ने कहा कि विपक्षी बैठक मंगलवार को भी चलेगी और आरबीआई गवर्नर के इस्तीफे पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिल सकते हैं।