बिहार चुनाव की घोषणा आज संभव, चुनाव आयोग की प्रेस कांफ्रेंस होगी

आखिर बिहार विधानसभा के चुनाव की तारीखों का आज ऐलान हो सकता है। चुनाव आयोग ने आज 12.30 बजे एक कांफ्रेंस रखी है जिसमें बिहार के अलावा कुछ उपचुनावों की घोषणा हो सकती है जिनमें मध्य प्रदेश के महत्पूर्व विधानभा उपचुनाव शामिल हैं।

चुनाव आयोग आज दोपहर 12.30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा जो विज्ञान भवन में होगी। बिहार विधानसभा की  243 सीटों के अलावा 65 उपचुनावों की घोषणा भी आज होगी। अभी तक के संकेतों के मुताबिक यह सभी चुनाव अक्टूबर के तीसरे हफ्ते से शुरू हो सकते हैं, और एक से ज्यादा (संभवता तीन) चरणों में होंगे। संभावना है नवंबर के आखिरी हफ्ते (29 नबंबर तक) बिहार में नई विधानसभा का गठन हो जाएगा।  चुनाव प्रक्रिया के 15 नवंबर पूरा होने की संभावना है।

बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटें हैं जिसमें आज की एनडीए की 130 सीटें हैं। जिसमें जदयू की 69, भाजपा की 54, लोजपा की 2, हम की 1 जबकि निर्दलीय 4 हैं। उधर महागठबंधन की कुल सीटें 101 हैं जिनमें राजद की 73, कांग्रेस की 23, सीपीआई (एमएल) की 3 और निर्दलीय 1 उनके साथ है। अन्य दलों में एआईएमआईएम का 1 अदस्य हैं जबकि 12 सीटें खाली पड़ी हैं।

सभी राजनीतिक दल चुनाव की तैयारी कर चुके हैं जबकि गठबंधनों की सूरत भी जल्दी ही साफ़ हो जाएगी। लोजपा को लेकर अभी तक कयास चल रहे हैं। दुनिया भर में कोरोना फैलने के बाद भारत में यह पहले चुनाव होंगे। निर्वाचन आयोग ने कोविड प्रोटोकॉल के मुताबिक, गाइडलाइन्स भी जारी की है। मतदान केंद्रों की तादाद भी डेढ़ गुना से ज्यादा बढ़ा दी गई है। मतदान कर्मियों की संख्या भी बढ़ाई गई है जबकि हर मतदान केंद्र पर मतदाताओं की तादाद घटा कर सीमित कर दी गई है।

तमाम मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को मास्क लगाकर और सैनिटाइजर का इस्तेमाल करके आने को कहा गया है, लेकिन एहतियातन प्रत्येक मतदान केंद्र पर मास्क, हैंडफ्री सेनेटाइजिंग और शरीर का तापमान मापने के इंतजाम किए जा रहे हैं। मतदान शुरू होने से पहले बूथ को पूरी तरह से सैनिटाइज कर डिसइनफेक्ट करने की भी सख्त हिदायत दी गई है।

बिहार विधानसभा के चुनाव के अलावा 65 सीटों पर उपचुनाव भी होंगे। इनमें देश की एक लोकसभा सीट और विधानसभा की  64सीटें शामिल हैं।