नीतीश मंत्रिमंडल का आज विस्तार, 31 मंत्रियों को किया जाएगा शामिल

भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए से बाहर निकलकर कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूपीए में शामिल हुए नीतीश कुमार की सरकार का आज विस्तार होगा। पिछले हफ्ते नीतीश ने मुख्यमंत्री जबकि उनके सहयोगी आरजेडी के नेता तेजस्वी यादव ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। आज नीतीश मंत्रिमंडल में 31 मंत्री शामिल किये जाने की संभावना है। राज्यपाल फागू चौहान 11.30 बजे नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

जानकारी के मुताबिक मंत्रिमंडल में सबसे ज्यादा मंत्री गठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी आरजेडी के होंगे जबकि कांग्रेस भी मंत्रिमंडल में शामिल हो रही है। मंत्रियों की सूची पिछली रात राज्यपाल को सौंप दी गयी थी। महागठबंधन में कुल सात दल शामिल हैं।

नीतीश कुमार पुराने चेहरों पर ही विश्वास करते हुए उन्हें मंत्री बना रहे हैं। ख़बरों के मुताबिक जेडीयू से विजय कुमार चौधरी, बिजेन्द्र प्रसाद यादव, अशोक चौधरी, श्रवण कुमार, संजय कुमार झा, लेसी सिंह, सुनील कुमार, जयंत राज और जमा खान मंत्री बनाये जा रहे हैं।

विधानसभा में सबसे बड़े दल आरजेडी से तेज प्रताप यादव, सुधाकर सिंह, आलोक मेहता, अनिता देवी, चंद्रशेखर यादव, सुरेंद्र यादव, सर्वजीत पासवान, समीर महासेठ, मास्टर कार्तिकेय सिंह, शाहनवाज आलम, राहुल तिवारी और सुनील सिंह के नाम सूची में हैं।

तीसरे सबसे बड़े दल कांग्रेस से शकील अहमद खान और मुरारी प्रसाद गौतम को मंत्री बनाया जाएगा। निर्दलीय सुमित कुमार सिंह और जीतनराम मांझी की पार्टी ‘हम’ से संतोष कुमार सुमन भी मंत्री बन रहे हैं।

याद रहे नीतीश कुमार आठवीं बार मुख्यमंत्री जबकि तेजस्वी यादव दूसरी बार बिहार के उप मुख्यमंत्री बने हैं। नीतीश कुमार को 24 अगस्त को विधानसभा में बहुमत साबित करना है।