‘दिलदार’ गाने के साथ मनोज तिवारी ने की भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री से फूहड़ता हटाने की शुरुआत, फैंस कर रहे है बेहद पसंद

सांसद व भोजपुरी जगत के दिग्गज गायक व अभिनेता मनोज तिवारी ने उनके द्वारा गाए हुए ‘दिलदार’ गाने के साथ एक बार फिर भोजपुरी इंडस्ट्री में अपनी जोरदार एंट्री  की है। इस गाने को भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री की नई शुरुआत भी कहा गया है।

यह गाना वाराणसी में फिल्माया गया है। और इस गाने को बनाने में कुल लागत 80 लाख आर्इ है। जहां भोजपुरी इंडस्ट्री में गानों की कुल लागत अत्यधिक 10 लाख रखी जाती है। वहीं इस गाने में कुल लागत 80 लाख आर्इ है जो कि अपने आप में एक इतिहास है।

इस गाने में मनोज तिवारी समेत विशाल मिश्रा, विशाल आदित्य सिंह और अपर्णा दीक्षित शामिल है। इस गाने का ऑडियो 17 मार्च को गानों के अलग-अलग प्लेटफार्म पर रिलीज किया चुका था। परंतु गाने की फुल वीडियो 21 मार्च को दिल्ली के एक होटल में रिलीज की गर्इ।

कलाकार से राजनेता बने मनोज तिवारी के फैंस को उनके कमबैक का एक लंबे समय से इंतजार था। गाने की ऑडियो रिलीज होते ही लोग उनके इस नए गाने को खूब पसंद कर रहे है साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे है।

दिल्ली में लॉन्च हुए गाने में मुख्य अतिथि भाजपा सांसद निशिकांत दुबे रहे और उन्होंने इस गाने की तारीफ करते हुए कहा कि यह गाना भोजपुरी इंडस्ट्री के लिए एक नयी शुरुआत है।

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि, “यह गाना भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री से फूहड़ता को हटाने की शुरुआत है। कई लोगो ने इस इंडस्ट्री में बेहद खराब गाने बनाए है, लेकिन इस बेहतरीन गाने से भोजपुरी इंडस्ट्री में एक बेहतर बदलाव आएगा और इस बदलाव को आगे भी जारी किया जाएगा।“

पत्रकारों को संबोधित करते हुए मनोज तिवारी ने कहा कि, “आज का दिन मेरे लिए बेहद खास है क्योंकि यह मेरा 5000 वां गाना है। ठीक आज ही के दिन 21 मार्च 1996 में मेरा पहला गाना रिलीज हुआ था और आज मेरे इस इंडस्ट्री में 26 साल पुरे हो गए है। आशा करता हूं, भोजपुरी इंडस्ट्री में इस गाने से फूहड़पन को खत्म करने की शुरुआत मेरे फैंस को पसंद आएगी।“