टोक्यो ओलंपिक एक साल के लिए स्थगित

कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए टोक्यो ओलंपिक टाल दिए गए हैं। जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे ने इसका प्रस्ताव  किया था जिसके बाद इन्हें स्थगित किया गया।
यह ओलंपिक खेल अब अगले साल होंगे। इनकी तारीखों का बाद में ऐलान किया जाएगा। ओलंपिक के १२४ साल के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब ओलंपिक खेल स्थगित किये गए हैं।
पहले यह भी संभावना जताई जा रही थी कि टोक्यो ओलंपिक को रद्द भी किया जा सकता है। ओलंपिक खेलों को स्थगित कराने के लिए अमेरिका और न्यूजीलैंड जैसे देश भी आगे आये थे। इन दोनों देशों ने आज ही टोक्यो ओलंपिक खेलों को स्थगित करने की मांग उठाई थी।
कुछ अन्य देशों ने भी अपने खेल दल टोक्यो भेजने से इंकार कर दिया था। जापान की सरकार ने इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी (आईओसी) से खेलों को स्थगित करने की बात की जिसके बाद यह फैसला किया गया। जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे ने आज आईओसी  के अध्यक्ष थोमस बैच से इसे लेकर बात की।
जापान की सरकार ने बताया कि पीएम अबे ने यह बात की है। पिछले कल ही  आइओसी के सदस्य डिक पाउंड ने कहा था कि अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति खेलों को एक साल के लिए स्थगित करने पर विचार कर रही है। इसके १२४ साल के  इतिहास में पहली बार हुआ है जब ओलंपिक खेल स्थगित हुए हैं।