झड़प में भारत के २०, चीन के ४० से ज्यादा जवानों की मौत !

भारत और चीन के बीच गलवान घाटी में सोमवार की रात हुई झड़प में भारत के २० सैनिकों के शहीद होने की बात सामने आई है। सेना के मुताबिक इस झड़प में एक अधिकारी और दो जवानों के शहीद होने के अलावा १७ जवान गंभीर घायल भी हुए थे, जो अब शहीद हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक चीन के भी ४० से अधिक सैनिकों के मारे जाने या गंभीर रूप से घायल होने की अपुष्ट ख़बरें आ रही हैं।

जब भारत के एक अधिकारी और दो जवानों के शहीद होने की खबर आई थी, तब यह भी एक अपुष्ट खबर आई थी कि भारत के कुछ जवान लापता हैं। हालांकि, अब सेना ने कहा है कि १७ जवान गंभीर रूप से घायल हुए थे, जो अब शहीद हो गए हैं।  उधर चीन के भी ४३ सैनिकों के इस झड़प में मारे जाने या गंभीर रूप से घायल होने की खबर आ रही है।

सैनिकों के इस बड़ी तादाद में मरने की बात सामने आने से जाहिर होता है कि भारत और चीन के सैनिकों के बीच खूनी भिड़ंत हुई है और इसमें दोनों तरफ मरने वालों की संख्या ज्यादा हो सकती है। यह भी संभावना जताई जा रही है कि चीनी सेना ने घात लगाकर भारतीय सैनिकों पर हमला किया, जिसका भारतीय सैनिकों ने जबरदस्त जवाब दिया।