चार बार के सांसद कुसमरिया कांग्रेस में शामिल

भाजपा को शुक्रवार को झटका लगा जब मध्य प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री रामकृष्ण कुसमरिया राहुल गांधी के उपस्थिति में कांग्रेस में शामिल हो गए। चर्चा है कि वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर भी टिकट के मामले में भाजपा को टा-टा कर सकते हैं।

रामकृष्ण कुसमरिया, जो भाजपा से निर्दलीय लड़ने के कारण फिलहाल निष्काषित चल रहे थे, के साथ उनके करीब १५,००० भाजपा कार्यकर्ता भी कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। चर्चा है कि कांग्रेस उन्हें दमोह से लोकसभा का टिकट दे सकती है। कुसमरिया बुंदेलखंड के नेता हैं।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद कुसमरिया ने कहा – ”मध्यप्रदेश की धरती पर हम किसानों को भगवान मानते हैं। राहुल गांधीजी ने उन किसानों का कर्ज माफ करने का बहुत बड़ा काम किया है। कांग्रेस का जिस तरह से राहुलजी ने नेतृत्व किया है, उससे धरती माता पर आज जो संकट आया है वह दूर हो जाएगा।”

गौरतलब है कि इससे पहले विधानसभा चुनाव में दो सीटों से रामकृष्ण कुसमरिया ने भाजपा से बगावत करके निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा था और दोनों ही सीटों पर भाजपा को पराजय का सामना करना पड़ा था। भाजपा के वरिष्ठ नेता और शिवराज सिंह सरकार के वित्तमंत्री जयंत मलैया चुनाव हार गए थे।

रामकृष्ण कुसमरिया ४ बार सांसद, चार बार विधायक और मंत्री रहे हैं। चुनाव से पहले पूर्व मंत्री सरताज सिंह भी कांग्रेस में आ गए थे। कुसमरिया के बाद अब चर्चा पूर्व सीएम और वरिष्ठ भाजपा नेता बाबूलाल गौर के भी कांग्रेस में आने की चर्चा है। गौर को भोपाल से टिकट देने की बात कांग्रेस पहले ही कह चुकी है।  अब इन्तजार है कि गौर क्या फैसला करते हैं।