”क्वात्रोची मामा, मिशेल अंकल” कहकर मोदी का कांग्रेस पर तंज

सोनिया के गढ़ रायबरेली में पीएम के ११०० करोड़ के लोकार्पण/शिलान्यास

तीन बड़े राज्यों राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भाजपा की हार के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को लोकसभा चुनाव से चार महीने पहले पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के लोकसभा हलके रायबरेली के अपने पहले दौरे में गांधी परिवार का नाम लिए बिना ”क्वात्रोची मामा और मिशेल अंकल” विशेषणों का सहारा लेते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। मोदी ने इस मौके पर मॉडर्न कोच फैक्ट्री का निरीक्षण किया और ११०० करोड़ रूपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

रायबरेली को यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी का गढ़ माना जाता है। इसी रायबरेली में कांग्रेस पर हमला करते हुए मोदी ने विपक्षी दल को आड़े हाथ लिया और उसे ”सेना और किसानों की विरोधी पार्टी” करार दिया। याद रहे विधानसभा चुनाव के दौरान पीएम मोदी के ”कांग्रेस की विधवा” वाले ब्यान पर काफी विरोध हुआ था और कांग्रेस ने इसपर सख्त गुस्सा जाहिर किया था।

आजके कार्यक्रम में रेल मंत्री पीयूष गोयल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्य पाल राम नाईक भी मौजूद थे। चुनाव में हार की धूल झाड़कर मोदी ने रविवार को सोनिया गांधी के गढ़ में ही कांग्रेस को हर मुद्दे पर कोसा। उनके शब्दों में काफी तल्खी दिखी।

मोदी ने राफेल के सन्दर्भ में कहा कि ”कांग्रेस इसलिए भड़की हुई है क्योंकि भाजपा सरकार जो रक्षा सौदे कर रही उसमें क्वात्रोची मामा और मिशेल अंकल नहीं है। हमारे लिए हमेशा दल से बड़ा देश है।”

पीएम ने आरोप लगाया लगाया कि कांग्रेस ने वायुसेना को मजबूत नहीं होने दिया। ”रक्षा सौदे के मामले में कांग्रेस का इतिहास क्वात्रोची मामा का रहा और कुछ दिन पहले एक और आरोपी मिशेल अंकल को लाया गया है और हमने देखा है कि कांग्रेस ने कैसे इनको बचाने के लिए अपना वकील अदालत में भेज दिया दिया।”

उन्होने कहा कि कांग्रेस ने कभी किसानों का हित नहीं देखा। अब किसानों को ६० हजार करोड़ का फायदा होगा।  दस साल में कांग्रेस ने स्वामीनाथन कमेटी की सिफारिश लागू नहीं की, कांग्रेस का ईको सिस्टम ही ऐसा है। कहा कि कर्नाटक में छह महीन में १००० किसानों का कर्ज माफ नहीं हुआ। ”कांग्रेस किसानों के साथ धोखाधड़ी करती है। सिर्फ १० दिन की बात कही गई थी लेकिन आज छह महीने बाद भी सच्चाई कुछ और है।”

मोदी ने इस मौके पर कांग्रेस को ”सेना विरोधी” भी बताया। कहा – ”केंद्र में हमारी सरकार बनने के बाद २०१६ में हमने सेना के लिए ५० हजार बुलेटप्रूफ जैकेट खरीदी। मैं देश को ये भी जानकारी देना चाहता हूं कि इस साल अप्रैल में पूरी १.८६ लाख बुलेट प्रूफ जैकेट का ऑर्डर दिया जा चुका है। ये जैकेट भारत की ही एक कंपनी बना रही है।”

रेल कोच फैक्टरी को लेकर मोदी ने कहा कि आने वाले समय में रायबरेली, रेल कोच निर्माण के मामले में एक ग्लोबल हब बनने वाला है। कहा कि करीब    दो हजार नए कर्मचारियों को हमारी सरकार ने यहाँ नियुक्त किया है जबकि २०१४ तक इसमें एक भी नई नियुक्ति नहीं हुई थी। मोदी ने पूर्व सैनिकों के लिए ”एक रैंक एक पेंशन” का श्रेय भी अपनी सरकार को दिया।