कोविड-19 से अब तक 24,309 की मौत, देश में पिछले 24 घंटे में 29,429 मामले

भारत में कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या तेजी से 10 लाख की तरफ बढ़ती दिख रही है। इस वायरस से मौतों की संख्या भी 24,309 हो गयी है, हालांकि, देश में अब तक 5,92,032 लोग ठीक हो चुके हैं और अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। उधर अमेरिका में वायरस से मरने वालों की संख्या 1.39 लाख से पार चली गयी है।

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने बुधवार को जो आंकड़े जारी किये उनके मुताबिक पिछले 24 घंटे में देश में 29,429 नए मामले सामने आए हैं। कुल  582 लोगों की जान गयी है। देश में 25 जनवरी से लेकर अब तक कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 9,36,181 हो गई है। इनमें से 3,19,840 सक्रिय मामले हैं।  अच्छी खबर यह है कि अब तक 5,92,032 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं।

भारत सरकार की ओर से बताया गया कि ‘देश में कोरोना मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 63.20 फीसदी हो गई है। अब रिकवरी और मृत्यु का अनुपात 96.05: 3.95 फीसदी है।’

मंत्रालय के मुताबिक देश में कोरोना मरीजों के वायरस से ठीक होने की दर बढ़कर 63.20 फीसदी हो गई है और अब रिकवरी और मृत्यु का अनुपात 96.05: 3.95 प्रतिशत है। मंत्रालय के मुताबिक देश में आज तक कुल 24,309 लोगों की मौत हुई है।

उधर देश में कोविड-19 के टेस्ट की संख्या भी बढ़ रही है। आईसीएमआर के मुताबिक देशभर में 14 जुलाई तक कोरोना के लिए 1,24,12,664 नमूनों का परीक्षण किया गया है जिनमें से 3,20,161 टेस्ट पिछले 24 घंटे में किये गए हैं।

यदि दुनिया भर की बात करें तो अमेरिका में मृतकों की संख्या 1.39 लाख से पार चली गयी है। करीब 35.45 लाख से ज्यादा लोग अभी संक्रमित हैं। ब्राज़ील में भी मौतों की संख्या बहुत तेजी से बड़ी है। वहां पिछले 24 घंटे में 1341 लोगों की जान गयी है जबकि अमेरिका में 935 लोगों की मौत हुई है।