किसान मोर्चा का 27 को ‘भारत बंद’ और ‘रेल रोको’ का ऐलान, भाजपा सरकार उखाड़ फेंकने का संकल्प

मुजफ्फरनगर की किसान महापंचायत ने 27 सितंबर को ‘भारत बंद’ का ऐलान कर दिया है। महापंचायत ने उस दिन ‘रेल रोको’ की भी घोषणा की है। मोदी सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ मुजफ्फरनगर में किसानों की भीड़ से शहर छोटा पड़ गया है और किसान नेताओं ने कहा है कि देश भर से 5 लाख किसान यहाँ पहुंचे हैं। मंच से किसान नेताओं ने मोदी सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प किया है।
आज की मुजफ्फरनगर की किसान महापंचायत की भीड़ के बाद भाजपा में भी दरार दिखने लगी है। भाजपा के सांसद वरुण गांधी ने आज कहा कि किसानों की सुनी जानी चाहिए। उनसे पहले राज्यपाल सत्यपाल मलिक भी किसानों के प्रति केंद्र सरकार की नीति की खुले रूप से आलोचना कर चुके हैं।
इस बीच किसान नेता राकेश टिकैत ने आज कहा कि चुनाव आते जाते रहेंगे लेकिन किसान अपनी मांगों पर तब तक अडिग रहेंगे जब तक इन्हें मान नहीं लिया जाता। संयुक्त किसान मोर्चा  महापंचायत में ऐलान किया कि 27 सितंबर को ‘भारत बंद’ रखा जाएगा और उस दिन ‘रेल रोको’ भी होगा।
आज की किसान महापंचायत में किसानों की इतनी संख्या पहुँची है कि इसके लिए स्थल छोटा पड़ गया। इसके बाद किसानों को आसपास की जगह में बैठना पड़ा। देश भर के लाखों किसान महापंचायत में जुटे हैं। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी है जिनमें काफी पंजाब से हैं।
महापंचायत के दौरान मंच से किसान नेताओं ने मोदी सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प किया है। वहां केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को वापस न लेने पर उसके और नेताओं के खिलाफ नारे भी लगाए गए। किसानों में केंद्र सरकार के खिलाफ जबरदस्त गुस्सा दिखा।