किसानों का आज भारत बंद, पंजाब-हरियाणा में आंदोलन

संसद में पास हुए तीन कृषि विधेयकों का विरोध अब सड़कों पर जोर पकड़ने लगा है। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) समेत विभिन्न किसान संगठनों ने आज भारत बंद का ऐलान किया है, उसके अभी तक अच्छा समर्थन मिला है, खासकर पंजाब और हरियाणा में जबकि यूपी के बागपत इलाके में भी यह दिख रहा है। कांग्रेस सहित पूरे विपक्ष का इस आंदोलन को समर्थन मिला है।

पंजाब में किसान आंदोलन काफी तेज है और यही स्थिति हरियाणा में है। कृषि बिल के विरोध में आज किसानों ने देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। हरियाणा और पंजाब के किसान इस बिल के खिलाफ सबसे ज्यादा विरोध दर्ज कर रहे हैं। बिल के विरोध में अब किसानों संगठनों के अलावा कांग्रेस और सपा का भी समर्थन मिल रहा है। आज किसानों के 31 संगठनों ने बंद का एलान किया है।

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने किसानों के बंद का समर्थन करते हुए कहा कि आज प्रदेश में धारा 144 का उल्लंघन करने पर उनके खिलाफ कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की जायेगी। किसानों के प्रदर्शन की वजह से बठिंडा की ओर जा रहा भारतीय सेना का काफिला भी अमृतसर में अमृतसर-पठानकोट हाईवे पर चक्काजाम में फंस गया। अम्बाला-शम्भू बॉर्डर सील कर दिया गया है।

पंजाब और हरियाणा से कोई भी बॉर्डर से इधर-उधर नहीं जा सकता है और वहां पुलिस की कंपनियां तैनात हैं। पंजाबी कलाकार भी किसान आंदोलन का समर्थन करने पंजाब-हरियाणा के बॉर्डर पर पहुंचे। अम्बाला-पटियाला बॉर्डर पर भी पंजाबी सिंगर किसानों के समर्थन में नजर आए।

बिहार में तेजस्वी यादव कृषि विधेयक के विरोध में आज सड़क पर प्रदर्शन कर रहे हैं। तेजस्वी यादव ने कहा – ‘सीएम नीतीश कुमार सबको कहते हैं कि ज्ञान नहीं है और खुद को बड़का ज्ञानी समझते हैं, लेकिन हम पूछना चाहते हैं कि क्या उन्होंने कृषि विधेयक को पढ़ा भी है या नहीं’। तेजस्वी ने सीएम नीतीश कुमार पर हमला करते हुए कहा कि एक बार फिर से नीतीश जी ने यू टर्न मार लिया है। तेजस्वी ने कहा कि इस बिल ने अन्नदाताओं को तोड़ दिया है। इस बिल की वजह से किसान और गरीब होता जाएगा। इस बिल को हर हाल में सरकार को वापस लेना चाहिए।

उधर भारतीय किसान यूनियन के सदस्यों ने किसान बिल के खिलाफ दिल्ली की सीमा के पास सड़कों पर प्रदर्शन किया। मौके पर पुलिस तैनात है। एडिशनल डीसीपी नोएडा ने कहा कि हमने ट्रैफ़िक को डायवर्ट किया है ताकि लोगों को किसी अनिश्चितता का सामना न करना पड़े।

किसान आंदोलन पर प्रियंका गांधी का ट्वीट –
Priyanka Gandhi Vadra
@priyankagandhi
किसानों से MSP छीन ली जाएगी। उन्हें कांट्रेक्ट फार्मिंग के जरिए खरबपतियों का गुलाम बनने पर मजबूर किया जाएगा। न दाम मिलेगा, न सम्मान। किसान अपने ही खेत पर मजदूर बन जाएगा। भाजपा का कृषि बिल ईस्ट इंडिया कम्पनी राज की याद दिलाता है। हम ये अन्याय नहीं होने देंगे।