एयर इंडिया सर्वर की गड़बड़ ने किये यात्री परेशान

पांच घंटे बाद हुई तकनीकी खामी दूर, असर अभी भी जारी

एयर इंडिया के सर्वर के करीब पांच घंटे तक डाउन रहने के कारण यात्रियों को शनिवार को जबरदस्त दिक्कत झेलनी पड़ी हालांकि, अब सर्वर की यह गड़बड़ ठीक कर ली गयी है और उड़ानें बहाल होने का दावा एयर इंडिया ने किया है। हालांकि सुबह की तकनीकी गड़बड़ी का असर दो बजे तक भी दिख रहा था।
सर्वर में गड़बड़ से दुनियाभर में एयर इंडिया के हज़ारों यात्री फंस गए थे। सर्वर से चेक इन नहीं हो पा रहा था जिसके चलते एयरपोर्टों पर जबरदस्त भीड़ लग गई। करीब पांच घंटे बाद इस गड़बड़ को दुरुस्त कर लिया गया। एयरलाइन के सर्वर एसआईटीए  के डाउन होने से से एयर इंडिया की उड़ानें पूरे भारत में और विदेशों में सुबह ३.३०  बजे से प्रभावित हो गईं और नौ बजे के करीब जाकर बहाल हो पाईं। तब तक हज़ारों यात्री अपनी-अपनी जगह फंस गए।
बाद में एक प्रेस कांफ्रेंस में एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया था कि एसआईटीए सर्वर डाउन होने से यह दिक्कत आई और उड़ान संचालन प्रभावित हुआ है। ”यात्रियों को हुई असुविधा पर हमें बहुत खेद है।” एयर इंडिया के सीएमडी अश्विनी लोहानी ने बताया कि एयर इंडिया का सिस्टम बहाल कर लिया गया है। उन्होंने बताया, सुबह ३.३० बजे से ४.३० बजे तक एयर इंडिया के सर्वर के रखरखाव पर काम किया जा रहा था। सुबह ८.४५ बजे तक ये डाउन रहा। व्यवस्था को बहाल कर लिया गया है। उन्होंने माना कि यात्रियों को दिनभर थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।