एक लोकसभा और 56 विधानसभा सीटों पर 3-7 नवंबर को मतदान

बिहार विधानसभा के चुनाव की तारीखों के बाद मंगलवार को चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, गुजरात आदि राज्यों में उपचुनावों की तारीखों का भी ऐलान कर दिया। एक लोकसभा और 56 विधानसभा सीटों पर 3 और 7 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। नतीजा 10 नवंबर को ही घोषत होगा।

आयोग के मुताबिक 54 विधानसभा सीटों पर 3 नवंबर को वोट डाले जाएंगे जबकि बिहार की एक लोकसभा और मणिपुर में दो विधानसभा सीटों पर 7 नवंबर को मतदान होगा। छत्तीसगढ़, गुजरात, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, नागालैंड, ओडिशा, तेलंगाना और यूपी में 3 नवंबर को वोट डाले जाएंगे।

बिहार में वाल्मीकि नगर लोकसभा सीट के लिए 7 नवंबर को वोटिंग होगी। चुनाव आयोग ने कहा कि बिहार के एक लोकसभा सीट के अलावा मणिपुर में दो विधानसभा सीटों के लिए भी वोट 7 नवंबर को डाले जाएंगे। आयोग ने हालांकि, असम, केरल, तमिलनाडु, और पश्चिम बंगाल में उपचुनाव के लिए तारीखों का ऐलान नहीं किया है। इन राज्यों के मुख्य सचिवों और मुख्य निर्वाचन अधिकारियों ने चुनाव कराने में कुछ दिक्कतों की बात कही थी।

बिहार के चुनाव घोषित करते हुए ही आयोग ने साफ़ कर दिया था कि इस बार मतदान के समय को एक घंटे के लिए बढ़ाया गया है। वोटिंग सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगी। कोरोना संक्रमित और संभावति लोग आखिरी समय में वोट डालेंगे। मतदान केंद्रों पर मास्क, हैंड सैनिटाइजर और दस्तानों की व्यवस्था की जाएगी।