अभी भाजपा अध्यक्ष बने रहेंगे शाह !

दिसंबर में ख़त्म होंगे संगठन चुनाव, उसके बाद ही नया अध्यक्ष

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के इस्तीफे की पेशकश के बाद पार्टी भले अभी अध्यक्ष पद को लेकर कोइ फैसला नहीं कर पाई हो, भाजपा ने अमित शाह को ही अगले कुछ  बनाये रखने का निर्णय किया है ! भाजपा के संगठन चुनाव दिसंबर तक ख़त्म होंगे जिससे यह लगता है भाजपा को नया अध्यक्ष दिसंबर के आखिर या अगले साल के शुरू में मिलेगा।
शाह की अध्यक्षता में गुरुवार को दिल्ली में राज्य पार्टी प्रमुखों सहित शीर्ष पार्टी नेताओं की बैठक हुई। इस बैठक में संगठनात्मक चुनावों, सदस्यता अभियान और अन्य संबंधित मुद्दों जैसे कि उनके उत्तराधिकारी को खोजने के लिए किए जाने वाले कार्यक्रम को लेकर चर्चा की गई। पिछले हफ्ते ही शाह ने झारखंड, हरियाणा और महाराष्‍ट्र में इस साल के अंत तक होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक की थी।
मध्‍य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भाजपा ने भाजपा ने पार्टी के  सदस्यता अभियान का राष्ट्रीय प्रभारी बनाया है। संगठन चुनाव के लिए भाजपा ने ६  जुलाई से सदस्यता अभियान शुरू करने का फैसला किया है।
आज की बैठक में पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, रमन सिंह और वसुंधरा राजे के अलावा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, भूपेन्द्र यादव और जेपी नड्डा, उमा भारती  के अलावा पार्टी के राज्य अध्यक्ष भी थे। बैठक में पार्टी में विभिन्न पदों को भरने के लिए चुनाव  की उम्मीद जताई गई। अभी तक चर्चा रही है कि जेपी नड्डा, जो मोदी-१ सरकार में स्वास्थ्य मंत्री थे, भाजपा के नए अध्यक्ष बनने की दौड़ में सबसे आगे हैं।
माना जाता है कि भाजपा हरियाणा, महाराष्ट्र और झारखंड जैसे महत्वपूर्ण विधानसभा चुनाव तक शाह को अध्यक्ष पद पर बनाये  रखना चाहती है। इसके अलावा जम्मू कश्मीर में भी विधानसभा चुनाव होने हैं जहां इस समय राष्ट्रपति शासन है। शाह की कल (शुक्रवार) विभिन्न राज्यों के पार्टी महासचिवों (संगठन) से भी मुलाकात होनी है।