अनुष्का बोलीं-जनवरी 2021 में हम दो से तीन हो जाएंगे

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के घर नया मेहमान आने वाला है यानी क्रिकेटर नई ‌इनिंग्स की शुरुआत करने वाले हैं। विराट ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया के जरिये लोगों को दी। अनुष्का और विराट दोनों  ने अपने-अपने इंस्टाग्राम पोस्ट पर एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा-खुशबरी! जनवरी में दोनों पहले बच्चे का स्वागत करेंगे।

विराट ने जो तस्वीर शेयर की है, उसमें अनुष्का का बेबी-बंप नजर आ रहा है। बॉलीवुड अदाकारा अनुष्का ने लिखा- और फिर जनवरी 2021 में हम दो से तीन हो जाएंगे। कुछ समय पहले अनुष्का को मुंबई में एक क्लीनिक के बाहर देखा गया था, जिसके बाद इस बात के कयास लगाए जाने लगे कि अनुष्का गर्भवती हैं।

इस एलान के साथ ही सोशल मीडिया में दोनों दोस्तों, करीबियों और फैंस ने जोड़े के परिवार में नए सदस्य के आने की शुभकामनाएं दीं और यह सोशल मीडिया में ट्रेंड करने लगा। टेनिस स्टार सानिया मिर्जा और अभिनेत्री आलिया भट्ट ने बधाई दी, जबकि विराट को दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने शुभकामनाएं दीं।

अनुष्का शर्मा और विराट कोहली पहली बार एक शैम्पू के विज्ञापन की शूटिंग के दौरान मिले थे। विराट और अनुष्का देश की सबसे चर्चित और पसंदीदा जोड़ियों में से एक हैं। दोनों ने 11 दिसंबर 2017 को इटली में सात फेरे लिए थे।
विराट इस समय इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 13वें सीजन में हिस्सा लेने के लिए दुबई गए हैं, जबकि अनुष्का मुंबई में हैं। कोरोना महामारी के बाद लॉकडाउन के चलते खेल गतिविधियां और फिल्मों की शूटिंग पूरी तरह ठप पड़ी थी।  लॉकडाउन में विराट-अनुष्का साथ ही थे, इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर कई तस्वीरे भी पोस्ट की थीं।