कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों पर शनिवार को हरियाणा पुलिस ने इतना लाठीचार्ज किया कि कई लहूलुहान हो गए। यही नहीं पुलिस ने किसानों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा और उनपर लाठियां भांजी। कांग्रेस, किसान संगठनों सहित कई नेताओं ने इस लाठीचार्ज को निहत्थे किसानों पर जुल्म बताया है। कई ऐसे वीडियो वायरल हो गए हैं जिनमें पुलिस की लाठियों से घायल लहूलुहान किसान कराह रहे हैं।
लाठीचार्ज में कई किसान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। किसान हरियाणा के करनाल के बस्तारा टोल प्लाजा पर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। किसानों का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे थे कि इसी दौरान पुलिस ने किसानों पर लाठीचार्ज कर दिया। कई किसानों को घेरकर पीटा गया जिससे कई किसान घायल हो गए हैं, जिनमें बुजुर्ग भी शामिल हैं।
हरियाणा पुलिस के करनाल में लाठीचार्ज के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। किसानों पर पुलिस के इस जुल्म की खबर आज दिन में टॉप ट्रेंड करती रही। वीडियो में पुलिस किसानों पर लाठी बरसाते दिख रही है। कई किसानों के कपडे खून से सने हैं और कई के चेहरे खून फैलने से पहचान में नहीं आ रहे। लाठीचार्ज के चलते कई किसानों घायल हो गए और कई के सिर फूट गए।
कांग्रेस ने इसे मोदी सरकार और भाजपा सर्कार का जुल्म बताया है। कांग्रेस ने कहा कि देश के अन्नदाता के साथ भाजपा सरकार की पुलिस का यह जुल्म बताता है कि वह किसके साथ खड़ी है।