स्वयं समझें धर्म का मर्म
धर्म स्वतंत्र रूप से पढऩे और स्वीकार करने के लिए हैं, और होने भी चाहिए। फिर इन्हें पढ़ाने और सिखाने वाले अलग से क्यों हों? धर्मों को तो हर किसी को स्वत: पढऩे, समझने और स्वीकार करने का अधिकार है। ठीक वैसे ही, जैसे ईश्वर को पूजने, समझने और मानने का अधिकार सभी को स्वयं ही होता है। उसके लिए किसी की स्वीकृति अथवा आज्ञा की आवश्यकता नहीं होती। न ही उसे पूजने, मानने अथवा स्वीकार करने के लिए किसी अन्य की सहायता की आवश्यकता होती है। बस अपने मन से मनन करने और मानने की आवश्यकता होती है। लेकिन धर्म, यहाँ तक कि ईश्वर पर भी चंद लोगों ने सदियों से अपना एकाधिकार जताकर इन्हें अपनी बपौती की तरह अपने लाभ के लिए उपयोग किया है। इन लोगों ने दुनिया के शेष लोगों का धर्म और ईश्वर से सीधे-सीधे साक्षात्कार नहीं होने दिया। न ही होने देना चाहते हैं। ये लोग धर्मों के वाहक बनकर बाक़ी लोगों को मूर्ख बनाते ही नहीं रहे हैं, बल्कि मूर्ख समझते भी रहे हैं, और लूटते भी रहे हैं।
ऐसा सदियों से हुआ है, और हर धर्म में ख़ूब हुआ है। आज भी हो रहा है। समझदार और तार्किक लोग इसे स्वीकार करने को राज़ी नहीं होते। इसीलिए पाखण्डियों की आँखों में चुभते रहते हैं। लेकिन किताबों को रटने वाले चंद लोगों के सहारे हमेशा बहुत बड़ी संख्या में लोग धर्म का, यहाँ तक कि ईश्वर का भी मर्म समझने का प्रयास करते रहे हैं। मज़े की बात यह है कि धर्म और ईश्वर के बारे में ज्ञान बाँटने वाले अधिकतर मूर्ख, ढोंगी और पाखण्डी हैं।
लोगों को समझना इस बात को चाहिए कि भले ही कोई सही मायने में ज्ञानी हो, उसे ईश्वर और धर्म का मर्म भी मालूम हो; वह दूसरे को उस ज्ञान और मर्म से तृप्ति कैसे दे सकता है? दूसरे को ईश्वर की प्राप्ति कैसे करा सकता है? दूसरों को मोक्ष कैसे प्राप्त करवा सकता है? वह केवल रास्ता तो बता सकता है। अपने अल्प ज्ञान से सामने वाले को दण्डवत् करा सकता है। हो सकता है कि कुछ हद तक सन्तुष्ट भी कर दे; लेकिन सफ़र तो हर किसी को ख़ुद तय करना है। अन्यथा यह ठीक वैसे ही होगा, जैसे दो भूखों में से एक व्यक्ति खाना खाकर दूसरे को समझाये कि खाने का स्वाद कैसा है? और उस खाने से पेट कितना भर गया? तृप्ति कैसे हुई है? खाने का आनन्द कितना आया? लेकिन दूसरे को असल स्वाद, असल तृप्ति नहीं दे सकता। उसका स्वाद तो हर व्यक्ति को स्वयं ही चखना होगा; स्वयं ही चखना भी चाहिए।
ईश्वर का एहसास भी हर व्यक्ति को स्वयं ही अंत:करण में करना चाहिए। लेकिन अधिकतर अभागे उसका मर्म दूसरों से समझना चाहते हैं। वह भी उनसे, जिनके पास सिवाय रटी हुई चंद किताबों की पंक्तियों के अतिरिक्त कुछ भी नहीं है। यही वजह है कि आज भी संसार में अधिकतर लोग धर्म और ईश्वर के मामले में प्यासे-के-प्यासे ही रह जाते हैं; और सदियों से ऐसे ही प्यासे हैं।