File Photo
पंजाब कांग्रेस में चल रहे घमासान के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने वाले नवजोत सिंह सिद्धू आज शाम पंजाब भवन में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी से मिलेंगे। खुद सिद्धू ने एक ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है। माना जाता है कि यदि सिद्धू की तरफ से विरोध वाली एकाध नियुक्ति पर यदि फैसला हो जाता है, तो सिद्धू इस्तीफा वापस ले सकते हैं।
अपने ट्वीट में सिद्धू ने लिखा है कि मुख्यमंत्री चन्नी ने उन्हें शाम तीन बजे बातचीत के लिए बुलाया है। सिद्धू ने कहा कि वे इस बैठक में शामिल होंगे। सिद्धू ने कहा – उनका (सीएम) का बातचीत के लिए स्वागत है।
बता दें मंगलवार को नवजोत सिंह सिद्धू ने अचानक पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद पंजाब कांग्रेस में तूफ़ान उठ खड़ा हुआ था। उधर पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टेन अमरिंदर सिंह दिल्ली में जिस तरह कल भाजपा के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह और आज राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोवल से मिले हैं, उसके बाद से यह चर्चा है कि वे पंजाब कांग्रेस में ही अपने राजनीतिक विरोधी नवजोत सिद्धू को घेरने की कोशिश कर रहे हैं।
यही नहीं अमरिंदर सिंह कांग्रेस के बागी नेताओं, जिन्हें जी-23 कहा जाता है, के साथ मिलकर पार्टी नेतृत्व के खिलाफ उनकी आवाज से आवाज मिला सकते हैं। अमरिंदर सिंह को लेकर भले भाजपा में जाने की बातें भी मीडिया में चल रही हैं, अभी तय नहीं है कि वे ऐसा करेंगे, या कब करेंगे।