लखीमपुर जा रहे सिद्धू, अन्य कांग्रेस नेताओं को यूपी की पुलिस ने हिरासत में लिया

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में किसान हत्याकांड के आरोपियों को गिरफ्तार करने को लेकर कांग्रेस लगातार दबाव बढ़ाती जा रही है। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के नेतृत्‍व में कांग्रेस नेताओं का काफिला सहारनपुर में रोक दिया गया है और सिद्धू को हिरासत में ले लिया है। उनके साथ आये कांग्रेस के कई नेताओं और पंजाब के मंत्रियों को भी यूपी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

इससे पहले जब यूपी पुलिस ने सिद्धू के काफिले को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी तो पुलिस के लगाए गए बेरिकेट्स को कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने सिद्धू, पंजाब के मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वडिंग और परगट सिंह सहित अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया।

पुलिस का कहना है कि लखीमपुर में धारा 144 लागू है और ऐसे में केवल पांच लोगों को आगे जाने की अनुमति है। लेकिन कांग्रेस नेता सिद्धू बड़े काफिले के साथ जाने पर अड़ हुए थे। इसी दौरान काफिले में शामिल नेताओं की पुलिस अधिकारियों से जबरदस्त बहस हुई। सिद्धू और अन्य नेताओं को पुलिस ने आगे जाने से रोक दिया।