रांची टेस्ट में रोहित का शतक

अभी तक वन डे खिलाड़ी माने जाने वाले ओपनर रोहित शर्मा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टेस्ट में भी शतक जमकर जता दिया है कि वे टेस्ट के लिए भी बहुत उपयुक्त खिलाड़ी हैं। रांची में तीसरे टेस्ट में धुआंधार पारी खेलकर रोहित ने शतक पूरा कर लिया है और भारत ३ विकेट पर २०० से ज्यादा रन बनाकर शुरुआती झटकों से पूरी तरह उबर गया है।

सीरीज के पहले टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़कर सुर्ख़ियों में आये रोहित ने   रांची में अफ्रीका के खिलाफ १३० गेंदों में शतक पूरा किया जिसमें १३ चोक्के और ४ छक्के शामिल हैं। उनके साथ अजिंक्य रहाणे ७२ रन बनाकर खेल रहे हैं।

भारत ने आज शुरू में ही महज ३९ रन के स्कोर पर तीन विकेट खो दिए जिससे लगता था की उसकी पारी दबाव में आ जाएगी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ और इसमें रोहित का सबसे बड़ा रोल रहा। रोहित ने अजिंक्य रहाणे के साथ बेहतरीन बैटिंग की और ८६वीं गेंद पर चौके के साथ हाफ सेंचुरी पूरी की, जबकि सेंचुरी के लिए उन्होंने १३० गेंदों का सामना किया।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ रोहित इस सीरीज में पहली बार भारत के लिए टेस्ट में ओपनिंग करने उतरे थे। उन्होंने विशाखापत्तनम टेस्ट में पहली पारी में १७६ रन की पारी खेली, जबकि दूसरी पारी में १२७ रन बनाए। रांची में लगाया गया शतक रोहित के टेस्ट करियर का छठा शतक है। उन्होंने छक्का लगाकर शतक पूरा किया।
रोहित के टेस्ट में २००० रन भी पूरे हो गए हैं। इस तरह यह सीरीज में रोहित का तीसरा शतक है। इसके साथ ही रोहित शर्मा ने मौजूदा सीरीज में ४०० रन भी पूरे कर लिए हैं। वह इस टेस्ट सीरीज में सबसे अधिक रन, सबसे अधिक शतक, सबसे अधिक चौके और सबसे अधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं।

भारत ने सुबह मयंक अग्रवाल (१०), चेतेश्वर पुजारा (शून्य) और कप्तान विराट कोहली (१२) के अहम विकेट खो दिए। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाजों ने जलवा दिखाया हालांकि उसके बाद भारतीय बल्लेबाजों ने उनकी नहीं चलने दी। कागिसो रबाडा ने दो और एनरिच ने एक विकेट लिया।