यूपी विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का विधायकों के संग पैदल मार्च

उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू हो रहा है और यह एक हफ्ते तक चलेगा। आज सत्र का पहला दिन है और समाजवादी पार्टी (सपा) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ प्रदर्शन कर रही हैं।

विरोध प्रदर्शन सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में किया जा रहा है। विरोध मार्च सपा पार्टी दफ्तर से यूपी विधानसभा तक निकाला जा रहा है। साथ ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

इस विरोध प्रदर्शन में सपा मुख्य रूप से दो मुद्दे पर योगी सरकार पर निशाना साध रही है जिसमें लखीमपुर में दो बहनों के साथ हुए बलात्कार का मुद्दा और दूसरा बढ़ती महंगार्इ हैं।

वहीं दूसरी तरफ राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि सपा से शिष्टाचार की उम्मीद नहीं हैं, और विधानसभा में हर मुद्दे पर बहस के लिए तैयार हैं।

आपको बता दें, सपा के सभी विधायक, विधान परिषद सदस्य पार्टी मुखिया अखिलेश यादव के नेतृत्व में पैदल मार्च कर विधानमंडल सत्र में हिस्सा लेने के लिए निकले हैं। पैदल मार्च में शामिल सभी के हाथों मे तख्तियां हैं जिन पर बेरोजगारी, महंगाई, महिलाओं के शोषण, कानून व्यवस्था की बदहाली, शिक्षा, स्वास्थ्य के क्षेत्र में गड़बड़ी, बिजली संकट, किसानों नौजवानों के साथ हो रहे अन्याय से जुड़े मुद्दों का जिक्र हैं।