गुजरात के मोरबी में हुए पुल हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित अनेक नेताओं ने गहरा दुख जताया है और मरने वालों के परिजनों से संवेदना जताई है। इस बीच हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कांग्रेस ने गुजरात सरकार पर निशाना साधा है और पूछा कि कुछ दिन पहले ही इस पुल को मरम्मत करके खोला गया तो यह कैसे गिर गया और इतने लोगों की जान चली गयी।
कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। पार्टी नेता रणदीप सुरजेवाला ने इसे मानव निर्मित त्रासदी बताया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने सवाल पूछा कि क्या गुजरात के मोरबी जिले में माच्छू नदी पर बने केबल पुल का गिरना दैवीय घटना है या धोखाधड़ी का कृत्य। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उसी वाक्य को दोहरा रहे थे जिसे उन्होंने 31 मार्च, 2016 को कोलकाता में विवेकानंद रोड फ्लाईओवर गिरने के बाद पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार पर कटाक्ष करते हुए एक रैली में इस्तेमाल किया था। उस घटना में भ्री कई लोग मारे गए थे।
भाजपा पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता और राज्यसभा सदस्य सुरजेवाला ने कई ट्वीट करके कहा – ‘मोरबी पुल हादसे में गई अनगिनत जानों की दर्दनाक खबर ने पूरे देश का दिल दहला दिया है। सभी शोक संतप्त परिवारों को संवेदनाएं। यह प्राकृतिक हादसा नहीं, मानव निर्मित त्रासदी है। गुजरात की भाजपा सरकार इस जघन्य अपराध की सीधे-सीधे दोषी है।’
उन्होंने कहा – ‘प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री गुजराती भाई बहनों की ज़िंदगी की क़ीमत 2 लाख रुपये लगा कर अपनी जिम्मेवारी से पल्ला नहीं झाड़ सकते। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और मोरबी विधायक और मंत्री बृजेश मेरजा को बताना होगा जब ये पुल 26 अक्टूबर को ही मरम्मत के बाद खोला गया तो पुल कैसे गिर गया?’