बहादुरगढ़ में किसान महिलाओं को ट्रक ने कुचला ; 3 की मौत, दो घायल अस्पताल में भर्ती

हरियाणा के बहादुरगढ़ में झज्जर रोड पर गुरवार को एक ट्रक ने पांच महिलाओं को कुचल दिया जिसमें से तीन की मौत हो गयी जबकि दो अन्य बुजुर्ग महिलाएं घायल हुई हैं। जानकारी के मुताबिक पंजाब के मानसा की यह महिलाएं किसान आंदोलन से जुड़ी हुई थीं। जब हादसा हुआ उस समय यह महिलाएं डिवाइडर पर बैठी हुई थीं। तेज रफ़्तार ट्रक (डम्पर) ने उन्हें कुचल दिया, जिससे दो की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि एक ने अस्पताल जाकर दम तोड़ा।

जानकारी के मुताबिक या सभी महिलाएं किसान आंदोलन में अपनी रोटेशन पूरी करके घर वापस जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रही थी जब यह हादसा हुआ। कचरे से भरे डम्पर ने तेज गति से आते हुए उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद डम्पर का चालक फरार हो गया। हादसे का शिकार हुई इन सभी महिलाओं का टिकरी बॉर्डर से काफी पहले बहादुरगढ़ बाइपास स्थित फ्लाइओवर के नीचे कैंप था, जिसमें यह करीब 20 दिन से रुकी हुई थीं।

हादसे का शिकार महिलाएं पंजाब के मानसा जिले की रहने वाली हैं। दो घायल किसान महिलाओं को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई गयी हैं। एक की हालत गंभीर होने पर उसे बहादुरगढ़ नागरिक अस्पताल से रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है।