पंजाब में सीट बंटवारा: भाजपा 65, पंलोकां 37, ढींढसा की पार्टी 15 सीटों पर लड़ेंगे

पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन ने सीटों का बंटवारा कर लिया है। भाजपा इस चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस (पंलोकां) और संयुक्त अकाली दल (ढींढसा) के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। बड़े भाई की भूमिका निभाते हुए भाजपा कुल 117 विधानसभा सीटों में से 65 पर लड़ेगी जबकि पंजाब लोक कांग्रेस के हिस्से 37 और संयुक्त अकाली दल (ढींढसा) के हिस्से में 15 सीटें आई हैं।

सीट बंटवारे को अंतिम रूप सोमवार को दिल्ली में एक बैठक में दिया गया। जिसमें भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल रहे। उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस में कहा – ‘हम तीनों पूरी  ताकत से मिलकर पंजाब विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव में भाजपा 65,  पंजाब लोक कांग्रेस 37 और संयुक्त अकाली दल-ढींढसा 15 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।’