देश का मोदी पर भरोसा बना हुआ है क्योंकि
मैंने देश के लिए पल-पल खपा दिया : मोदी 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा पर धन्यवाद प्रस्ताव पेश करते हुए कहा कि ‘देश का मोदी पर भरोसा बना हुआ है क्योंकि मैंने देश के लिए जीवन खपा दिया है, पल पल खपा दिया है। मोदी को जनता के इस समर्थन को समझना इनकी (विपक्ष) समझ से बाहर है।’ उन्होंने पिछले कल कांग्रेस सदस्य राहुल गांधी की तरफ से व्यापारी अडानी और उनके रिश्तों को लेकर लगाए गए आरोपों पर बिना नाम लिए कांग्रेस पर हमला बोला, हालांकि, उन आरोपों को लेकर सीधे कुछ कहा नहीं लेकिन उन्हें झूठ बताया। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान धन्यवाद प्रस्ताव पेश करते हुए पीएम ने कहा कि आज स्थिरता है, राजनीतिक स्थिरता है। भारत ने दुनिया में सबसे बड़ा वैक्सीनेशन अभियान चलाया। अपने देशवासियों को फ्री में टीके भी लगवाएं। कई देशों में जहां जरूरत थी, वहां दवा पहुंचाई और जहां वैक्सीन की जरूरत थी, उन्हें वैक्सीन दिया। मोदी ने कहा कि देश आत्मविश्वास से भर रहा है और गौरव से भर रहा है। चुनौतियों के बिना जीवन नहीं होता है। चुनौतियां आती रहती हैं, लेकिन चुनौतियों से ज्यादा मजबूत है 140 करोड़ लोगों का सामर्थ्य। पीएम ने कहा कि सदन में हंसी मजाक टीका टिप्पणी होता रहता है लेकिन ये नहीं भूलना चाहिए कि आज गौरवपूर्ण क्षण में हम जी रहे हैं। उन्होंने कहा – ‘इतनी बड़ी भयंकर महामारी में बंटा हुआ विश्व, युद्ध से हो रहे विनाश के बीच कई देशों में अस्थिरता का माहौल है। कई देशों में भीषण महंगाई है। खाने-पीने का संकट है, बेरोजगारी है। इस स्थिति में भी देश को जिस तरह से संभाला गया है। इससे पूरा देश आत्मविश्वास से भर रहा है। पीएम ने कहा कि आज पूरे विश्व में भारत को लेकर सकारत्मकता है, आशा है, भरोसा बढ़ा है। आज हमें जी-20 समिट की अध्यक्षता करने का मौका मिला है। ये 140 करोड़ देशवासियों के लिए गौरव की बात है। लेकिन मुझे लगता है कि इससे भी कुछ लोगों को दुख हो रहा है। ये लोग 140 करोड़ में नहीं आते हैं. ऐसे लोग खुद को देखें कि उनको दुख क्यों है? मोदी ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि कल कुछ लोग उछल रहे थे। उन्होंने कहा कि कल कुछ लोग बोल रहे थे तो पूरा इकोसिस्टम उछल रहा था। कल नींद भी अच्छी आई होगी और शायद आज वे उठ भी नहीं पाए होंगे। पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोग तो ये भी कह रहे थे कि ये हुई न बात।