जम्मू कश्मीर की राजनीति के एक बड़े नेता और नेशनल पैंथर्स पार्टी (एनपीपी) के संस्थापक भीम सिंह का मंगलवार को निधन हो गया। वे तत्कालीन जम्मू कश्मीर विधानसभा के सदस्य भी रहे। वो कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन पर पीएम मोदी ने गहरा शोक जताया है।
उनका निधन जम्मू में हुआ। भीम सिंह को मजबूत आवाज वाला नेता माना जाता था। वो सुप्रीम कोर्ट में वरिष्ठ वकील भी थे। उन्होंने जम्मू कश्मीर के मसले पर काफी कुछ लिखा भी है।
सिंह उधमपुर जिले के भुगतेरियाँ गांव के थे। उनके परिवार में पत्नी जय माला और लंदन में रह रहा बेटा अंकित लव हैं। सिंह (81) ने जम्मू के जीएमसी अस्पताल में अंतिम सांस ली।