केदारनाथ धाम पहुंचे मोदी ; बोले उत्तराखंड में तेजी से किया जा रहा है विकास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज केदारनाथ यात्रा पर हैं। सुबह करीब 8 बजे मोदी केदारनाथ धाम में पहुंचे और उन्होंने पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया। बाद में  मोदी ने केदारनाथ में आदि शंकराचार्य की मूर्ति का लोकार्पण किया। इस मौके पर मोदी ने कहा कि उत्तराखंड का तेजी से विकास हो रहा है जिसके फलस्वरूप चारधाम यात्रा में पहुँचने वाले भक्तों की संख्या लगातार बढ़ी है।

मोदी पिछले साल भी केदारनाथ आये थे। आज मोदी ने कहा कि दो दिन पहले अयोध्या में दीपोत्सव का भव्य आयोजन पूरी दुनिया ने देखा। मोदी ने कहा – ”भारत का प्राचीन सांस्कृतिक स्वरूप कैसा रहा होगा, हम आज इसकी कल्पना ही कर सकते हैं। काशी का भी कायाकल्प हो रहा है जबकि विश्वनाथ धाम का काम बहुत तेजी से पूरा होने की तरफ है। सदियों बाद देश अपना गौरव वापस पा रहा है। देश  बड़े लक्ष्य तय कर रहा है। समय के दायरे में बंधकर भयभीत होना अब भारत को मंजूर नहीं है।”

उत्तराखंड, जहाँ कुछ ही महीने में विधानसभा के चुनाव होने हैं, का अपने भाषण में मोदी ने ख़ास जोर रखा। पीएम – ”यदि कोविड नहीं होता तो यहाँ और ज्यादा विकास हुआ होता। उत्तराखंड के लोगों ने कोरोना संक्रमण में बड़ा साहस दिखाया। टीकाकरण की पहली डोज में शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जो उत्तराखंड की ताकत को दर्शाता है।”