तीन कृषि कानूनों के लागू होने के एक साल के अवसर पर पंजाब की राजनीतिक पार्टी शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने केंद्र सरकार के खिलाफ शुक्रवार को राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन किया। शिरोमणि अकाली दल तीन कृषि कानूनों के अधिनियमन के एक वर्ष पूरा होने पर आज काला दिवस मना रहा है। दिल्ली में आज अकाली आंदोलन के कारण कई जगह लम्बे जाम लगे हैं। इस बीच प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सुखबीर सिंह बादल और उनकी पूर्व केंद्रीय मंत्री पत्नी हरसिमरत कौर बदल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
राजधानी दिल्ली में अकाली कार्यकर्ता तीन कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग के साथ आज संसद तक विरोध मार्च निकाल रहे हैं। प्रदर्शन को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस तैनात की गयी है। दिल्ली में जगह-जगह पुलिस अकाली कार्यकर्ताओं को रोक रहे हैं, हालांकि संसद मार्ग की तरफ बढ़ रहे हैं।
अकाली दल का विरोध मार्च गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब से संसद भवन तक निकाला जा रहा है। इसका नेतृत्व शिअद प्रमुख सुखबीर बादल और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल कर रहे हैं। तीन कृषि कानून 17 सितंबर, 2020 को संसद में पारित हुए थे और सुखबीर सिंह की पत्नी हरसिमरत कौर ने पंजाब में इनके विरोध को देखते हुए केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया था।