किसान आंदोलन पर कांग्रेस खुलकर समर्थन में आ चुकी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में खासतौर से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा मुद्दे पर पुरजोर तरीके से उठाकर केंद्र सरकार को घेरने में लगी हुई हैं। रविवार को यूपी कांग्रेस प्रभारी प्रियंका गांधी ने चैथी बार पश्चिमी यूपी में किसान पंचायत को संबोधित किया।उन्होंने मंच से भाजपा को आड़े हाथ लिया। प्रियंका ने कहा कि वर्तमान में भाजपा की हुकूमत अंग्रेजों की तरह किसानों का शोषण कर रही है।
मेरठ के सरधना विधानसभा के कैली गांव में आयोजित किसान महापंचायत में प्रियंका गांधी हिस्सा लेने पहुंचीं। प्रियंका गांधी ट्रैक्टर में सवार होकर मंचस्थल तक पहुंची और क्षेत्र की जनता का अभिवादन किया। उन्होंने कहा कि यह मेरठ की धरती है। यहीं से स्वतंत्रता संग्राम का पहला विद्रोह शुरू हुआ। उस आजादी की लड़ाई में किसान शामिल रहे। हजारों किसान आंदोलन में जुटे। बहुत लोग शहीद हुए। तब अंग्रेजी साम्राज्य किसानों को परेशान कर रहा था। अब भाजपा की सरकार भी किसानों का शोषण कर रही है। ऐसे कानून हैं जिससे आपकी कमाई ठीक से नही मिल पाएगी। ये कृषि कानून बड़े उद्योगपतियों को लाभ देगा। तीनों कृषि कानून में खरबपति और दूसरी तरफ आप, तो आपको क्या लाभ मिलेगा?