कर्म प्रधान विश्व रचि राखा

धर्म आवश्यक है, परन्तु अति आवश्यक नहीं। क्योंकि धर्म से पहले हर किसी को जीवन की आवश्यकता है। जीवन बचे, इसके लिए पेट भरने और साँस लेने की आवश्यकता होती है। अगर ये नहीं होंगे, तो जीवन ही नहीं रहेगा। फिर धर्म किसके लिए, किस काम का? इसका अर्थ यह है कि धर्म जीवन के लिए नहीं, वरन् जीवन को सन्मार्ग पर रखने के लिए, मानवता के लिए और सामाजिक व्यवस्था के लिए हैं। हालाँकि अगर पूरी दुनिया का एक ही धर्म होता, तो भी लोग जी सकते थे। परन्तु लोगों की अलग-अलग सोच ने, अलग-अलग भाषा ने, अलग-अलग विचारों, संस्कारों, संस्कृतियों व व्यवस्थाओं ने कई धर्मों एवं पन्थों को जन्म दे डाला। फलस्वरूप सभी धर्मों के मानने वालों में न केवल मतभेद पनपे, वरन् कई विवाद भी पैदा हो गये। लोगों का अपने-अपने धर्म को ही सर्वोपरि मानना, एक-दूसरे पर हमलावर रहना इसके सबसे बड़े कारण हैं।

लोगों को समझना पड़ेगा कि सर्वोपरि तो ईश्वर है। ईश्वर के बाद अगर कोई है, तो वह प्रकृति है। जो लोग सत्ता या ताक़त के नशे में चूर होकर यह कहते हैं कि वे जो चाहें कर सकते हैं; तो ऐसे लोग ज़रा सोचें कि क्या वे संसार में कुछ ऐसा कर सकते हैं, जो उनकी क्षमता के बाहर हो, असम्भव हो? क्या उनमें प्रकृति से उलझने की क्षमता है? क्या वे प्रकृति या ईश्वरीय सत्ता को चुनौती दे सकते हैं? ईश्वर की दया के सहारे प्रकृति की गोद में एक कीड़े-मकोड़े की भाँति जीने वाले स्वयं को महाबलशाली और भाग्यविधाता समझने की जो भूल करते हैं, वह एक हास्य स्वप्निल भ्रम के सिवाय और कुछ नहीं। क्योंकि एक मामूली-सा झटका किसी को भी तहस-नहस अथवा पूर्णतया नष्ट कर सकता है। फिर किस बात का दम्भ भरना?

हालाँकि इस सत्य को चुनौती नहीं दी जा सकती कि प्राणियों के बस का कुछ नहीं है। क्योंकि जीवन के लिए कर्म तो उन्हें ही करना है। क्योंकि हर कोई कर्म के अनुरूप फल पाता है और भक्षण के चलते ही जीवित है। परन्तु इस बात का भ्रम भी व्यर्थ है कि धर्म से ही उद्धार होगा। उद्धार तो कर्म से ही होगा। परन्तु इसका अर्थ यह भी नहीं कि कुछ करने की सामथ्र्य होने के चलते मनुष्य अथवा अन्य कोई प्राणी सर्वश्रेष्ठ हो गया। वह जो भी चाहे कर सकता है। जीव जीवन रहते कुछ-न-कुछ तो करता ही है, किन्तु किसके बल पर? शक्ति के बल पर और शक्ति तभी है, जब प्राण हैं। दोनों ही उसके पास हैं; परन्तु दोनों ही उसके नहीं हैं। वरन् ईश्वर के हैं। यही बात इस दिग्भ्रम से निकालती है कि हम कुछ कर रहे हैं, या हम कुछ भी कर सकते हैं। परन्तु इसका अर्थ यह भी नहीं कि हम कुछ भी न करें। जीने के लिए कर्म तो करना ही पड़ेगा। बिना कर्म के जीवन भी मरण के समान हो जाएगा। इसीलिए गोस्वामी तुलसीदास ने लिखा है :-