करनाल में हजारों किसानों ने किया मिनी सचिवालय का घेराव, सरकार ने पांच जिलों में इंटरनेट बंद किया

संयुक्त किसान मोर्चा ने हरियाणा के करनाल जिले में आज महापंचायत के बाद अपना आंदोलन जारी रखते हुए मिनी सचिवालय का घेराव कर लिया है और बड़ी संख्या में किसान वहां डटे हुए हैं। इससे पहले संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं से  प्रशासन की बातचीत नाकाम रही। जिला प्रशासन ने पहले ही शहर में धारा 144 लगा दी है और करनाल सहित पांच जिलों में इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया गया है।

हज़ारों किसान पुलिस का घेरा तोड़ते हुए मिनी सचिवालय पहुँच गए जहाँ उन्होंने उसका घेराव जारी रखा हुआ है। उनपर पुलिस ने पानी की बौछार की लेकिन किसान वहां डटे रहे। वरिष्ठ किसान नेता जोगिंदर सिंह उग्राहन ने कहा कि प्रशासन के साथ संयुक्त मोर्चा  की बातचीत नाकाम हो गई क्योंकि वे हमारी मांगों पर सहमत नहीं थे। किसानों पर 28 अगस्त को हुए पुलिस के लाठीचार्ज के विरोध में करनाल में महापंचायत करने और मिनी सचिवालय का घेराव करने के लिए बड़ी संख्या में किसान जुटे हुए हैं।

संयुक्त किसान मोर्चा ने आईएएस अधिकारी आयुष सिन्हा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है। सिन्हा कथित तौर पर एक टेप में पुलिस कर्मियों को प्रदर्शन कर रहे किसानों के ‘सिर तोड़ने’ के लिए कहते सुनाई दे रहे हैं। संगठन ने सिन्हा को बर्खास्त करने की भी मांग की है।

उधर आज शाम पुलिस ने संयुक्त किसान मोर्चा के कई नेताओं को सचिवालय जाने की कोशिश में हिरासत में ले लिया। बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया। मोर्चा के सभी नेताओं को नमस्ते चौक से हिरासत में लिया गया था।

लघु सचिवालय का घेराव करने के कार्यक्रम से एक दिन पहले प्रशासन ने जिले में सोमवार को लोगों के इकट्ठा होने पर प्रतिबंध लगा दिया था और मोबाइल इंटरनेट सेवा को निलंबित कर दिया गया था। हरियाणा सरकार ने करनाल से सटे चार जिलों कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद और पानीपत में भी मोबाइल इंटरनेट सेवाएं सोमवार दोपहर 12:30 बजे से लेकर मंगलवार मध्य रात्रि तक बंद रखने का आदेश दिया है।