कंगना की मुश्किलें बढ़ीं, जमानती वारंट जारी

बाॅलीवुड अदाकारा कंगना रनौत की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने कुछ समय पहले कंगना के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था, जिसमें सोमवार को सुनवाई और अदालत ने कंगना के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया है। जावेद अख्तर ने कंगना पर उनकी छवि खराब करने का आरोप लगाया है।

मुंबई में अंधेरी के मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट ने कंगना के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया है। अभिनेत्री को समन भेजे जाने के बावजूद कोर्ट में उपस्थित नहीं होने की वजह से कोर्ट ने वारंट जारी किया। कंगना को एक फरवरी को समन जारी किया गया था। उन्हें एक मार्च को कोर्ट में पेश होने के लिए तलब किया था, पर वह नहीं पहुंची। इससे कोर्ट ने उनके खिलाफ सख्त कदम उठाया। कंगना के वकील ने कहा कि वह समन को हाईकोर्ट में चुनौती देंगे। मामले की अगली सुनवाई अब 26 मार्च को होगी।

क्या है मामला
जावेद अख्तर ने कंगना रनौत पर उनके खिलाफ गलत बयानबाजी करने का आरोप लगाया था। जावेद ने कहा था कि कंगना ने उनके खिलाफ कई न्यूज चैैनलों में जाकर गलत बयान दिए हैं, इससे उनकी छवि धूमिल हुई है। इसके लिए उन पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

क्या कहा था कंगना ने
सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद कंगना ने बॉलीवुड की कई हस्तियों पर गुटबाजी करने का सार्वजनिक तौर पर आरोप लगाया था। कंगना ने जावेद अख्तर के बारे में कहा था कि उन्होंने ऋतिक रोशन के खिलाफ केस वापस लेने की धमकी दी थी। जावेद अख्तर ने उन्हें ये भी कहा था कि अगर वो केस वापस नहीं लेंगी तो उनके पास कुछ नहीं बचेगा।