पंजाब में कांग्रेस की तरफ से नया मुख्यमंत्री बनने के बाद आज शाम वहां मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। उधर पंजाब की ही तरह उत्तर प्रदेश में भी आज मंत्रिमंडल का विस्तार होने वाला है। माना जाता है कि पंजाब में कांग्रेस के अनुसूचित जाति का मुख्यमंत्री बनाये जाने के असर को देखते हुए उत्तर प्रदेश में भाजपा इन वर्गों से मंत्री बना सकती है।
यूपी में चार महीने बाद चुनाव होने हैं। लिहाजा भाजपा इसे ध्यान में रखते हुए केबिनेट विस्तार कर रही है। कहा जा रहा है कि कुछ महीने पहले कांग्रेस से भाजपा में दलबदल कर आए जितिन प्रसाद समेत सात मंत्रियों को जगह मिल सकती है। इनमें पलटू राम, संजय गौड़, संगीता बिंद, दिनेश खटिक, धर्मवीर प्रजापति और छत्रपाल गंगवार के नाम चर्चा में हैं।
यूपी में मंत्रिमंडल विस्तार काफी समय से प्रतीक्षित है। अब इसमें अनुसूचित को ज्यादा जगह देने की भाजपा की कोशिश है। माना जाता है कि पंजाब में कांग्रेस के अनुसूचित जाति का मुख्यमंत्री बनाये जाने के असर को देखते हुए उत्तर प्रदेश में भाजपा इन वर्गों से मंत्री बना सकती है।
याद रहे जुलाई में केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार में भी चुनाव के कारण यूपी को प्रमुखता दी गई थी और यूपी से बनाए सात मंत्रियों में चार ओबीसी, दो दलित थे। इस समय यूपी से मोदी सरकार में 15 मंत्री हैं, जो एक रेकॉर्ड है।