Vardaan International Film Festival 2026: जहां फिल्मों से गूंजेगा अंगदान का संदेश, दिल्ली में होगा शुभारंभ

नई दिल्ली। अंगदान और देहदान जैसे संवेदनशील और जीवनदायी विषय पर आधारित दुनिया का पहला खास फिल्म महोत्सव ‘वरदान अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल 2026’ 26 और 27 फरवरी को दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय, सूरजमल विहार में होगा। इसका उद्देश्य फिल्मों के जरिए समाज को अंगदान और देहदान के महत्व से जोड़ना है।

Naveen Bansal
Naveen Bansal

यह फिल्म फेस्टिवल दधीचि देहदान समिति और संप्रेषण मल्टीमीडिया के सहयोग से किया जा रहा है। समिति पिछले कई वर्षों से अंगदान और देहदान को लेकर जागरूकता फैलाने का काम कर रही है। अब उसी सोच को सिनेमा के माध्यम से और बड़े स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

फेस्टिवल का उद्घाटन 26 फरवरी को सुबह 11 बजे दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता करेंगी। इस मौके पर राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में दधीचि देहदान समिति के संस्थापक आलोक कुमार और फेस्टिवल डायरेक्टर अतुल गंगवार की भी अहम भूमिका रहेगी। अभिनेता मनोज जोशी इस कार्यक्रम के विशेष अतिथि होंगे।

फेस्टिवल में भारत और विदेश से चुनी गई 70 से ज्यादा फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इन फिल्मों के जरिए अंगदान, देहदान, मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ी प्रेरक कहानियां दिखाई जाएंगी। साथ ही फिल्मकारों, कलाकारों और दर्शकों के बीच संवाद सत्र भी होंगे, जिससे युवा छात्रों और नए फिल्म निर्माताओं को सीखने का मौका मिलेगा।

26 फरवरी को मनोज जोशी अभिनय पर एक खास मास्टर क्लास लेंगे, जबकि 27 फरवरी को वरिष्ठ पत्रकार और फिल्म समीक्षक अनंत विजय सिनेमा और सामाजिक विषयों पर अपनी बात रखेंगे। इसके अलावा अंगदान और देहदान के महत्व पर छात्रों के साथ विशेष संवाद भी होगा।

27 फरवरी की शाम पुरस्कार समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें सर्वश्रेष्ठ फिल्मों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि यह फेस्टिवल समाज को यह संदेश देगा कि अंगदान और देहदान सिर्फ दान नहीं, बल्कि मृत्यु के बाद भी जीवन देने की सबसे बड़ी मानव सेवा है।