चाईबासा। प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटु लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन, जयकांत और रापा मुंडा अपने दस्ता सदस्यों के साथ सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधियों के लिए सक्रिय हैं। इसी के मद्देनजर चाईबासा पुलिस, कोबरा 203 और 209 बटालियन, झारखंड जगुआर, तथा सीआरपीएफ की विभिन्न बटालियनों (26, 60, 134, 174, 193, 197) की संयुक्त टीम ने नक्सल विरोधी अभियान तेज कर दिया है।
विश्वसनीय सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने 4 मार्च 2025 से छोटानागरा और जराईकेला थाना क्षेत्र के सीमावर्ती जंगल और पहाड़ी इलाकों में विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत आज 10 मार्च 2025 को दोपहर करीब 1:45 बजे जराईकेला थाना क्षेत्र के वनग्राम कुलापाबुरू के निकट जंगली और पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए लगाए गए एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) को बरामद कर निष्क्रिय किया गया।
इस 3 किलोग्राम वजनी IED को नक्सलियों ने पूर्व में लगाया था, जिसे बम निरोधक दस्ते की सहायता से मौके पर ही सुरक्षित रूप से विनष्ट कर दिया गया। अभियान दल ने इस क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान जारी रखा है ताकि किसी और विस्फोटक सामग्री की उपस्थिति का पता लगाया जा सके।
संयुक्त अभियान में शामिल बल: चाईबासा जिला पुलिस, झारखंड जगुआर, कोबरा 209 बटालियन, सीआरपीएफ 26, 60, 134, 174, 193, 197 बटालियन
सुरक्षा बलों का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि क्षेत्र में नक्सलियों के किसी भी संभावित खतरे को समाप्त किया जा सके और स्थानीय लोगों को सुरक्षित माहौल मिल सके।