AI इम्पैक्ट समिट के विरोध को दिल्ली पुलिस ने बताया ‘गहन षड्यंत्र’, 8 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के भारत मंडपम में हुए इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन को अब दिल्ली पुलिस ने एक “सोची-समझी साजिश” बताया है। पुलिस के अनुसार यह कोई अचानक हुआ विरोध नहीं था, बल्कि इसके पीछे पूरी प्लानिंग की गई थी। इस मामले की जांच अब क्राइम ब्रांच की इंटर स्टेट सेल को सौंप दी गई है।

आगे की जांच क्राइम ब्रांच की इंटर स्टेट सेल को सौंप दी गई है।
आगे की जांच क्राइम ब्रांच की इंटर स्टेट सेल को सौंप दी गई है।

दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी क्राइम ब्रांच देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अब तक की जांच में यह सामने आया है कि प्रदर्शन के लिए पहले से रणनीति बनाई गई थी। उन्होंने कहा कि पुलिस को इसके ठोस सबूत भी मिले हैं और इसी आधार पर कार्रवाई तेज की गई है।

पुलिस की ओर से जारी बयान के मुताबिक, इस मामले में अब तक कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बाकी संदिग्धों से पूछताछ जारी है और कई जगहों पर छापेमारी भी की जा रही है। गिरफ्तार किए गए लोगों में इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब का नाम भी शामिल है। सभी आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

दरअसल, भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अचानक टी-शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी भी की गई थी। कार्यक्रम में मौजूद मेहमानों और अधिकारियों के लिए यह स्थिति काफी असहज हो गई थी।

पुलिस का कहना है कि इस तरह के प्रदर्शन से न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि भी प्रभावित होती है। इसलिए इस मामले को गंभीरता से लेते हुए साजिश की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस प्रदर्शन की योजना किसने बनाई, फंडिंग कहां से हुई और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल थे। आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।