नई दिल्ली: नोएडा के सेक्टर-84 से शुरू हुआ मजदूरों का विरोध प्रदर्शन अब जिले के कई इंडस्ट्रियल इलाकों तक फैल गया है। शुरुआत में यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण था, लेकिन देखते ही देखते कई जगहों पर हालात बेकाबू हो गए। गुस्साए श्रमिकों ने सड़कों पर उतरकर जाम लगा दिया और कुछ जगहों पर वाहनों में आग भी लगा दी।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की भी खबर सामने आई है। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले तक दागने पड़े। कई जगह पुलिस की गाड़ियों को भी निशाना बनाया गया और तोड़फोड़ की गई। इससे पूरे इलाके में डर और तनाव का माहौल बन गया है।
मजदूरों की मुख्य मांग सैलरी बढ़ाने और बेहतर कामकाजी हालात को लेकर है। उनका कहना है कि हरियाणा की तरह न्यूनतम वेतन बढ़ाया जाए और ओवरटाइम का सही भुगतान किया जाए। कई फैक्ट्रियों के कर्मचारी एकजुट होकर सड़कों पर उतर आए हैं, जिससे नोएडा ही नहीं बल्कि पूरे एनसीआर में ट्रैफिक पर असर पड़ा है।
प्रदर्शन का असर ट्रैफिक पर भी साफ दिखाई दे रहा है। NH-9, सेक्टर-62 और अन्य प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लग गया है। वाहन घंटों तक फंसे रहे, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इस बीच जिला प्रशासन ने हालात संभालने की कोशिश तेज कर दी है। जिलाधिकारी ने श्रमिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि उनकी मांगों पर गंभीरता से काम किया जा रहा है। प्रशासन ने यह भी कहा है कि ओवरटाइम का भुगतान दोगुना किया जाएगा, साप्ताहिक अवकाश सुनिश्चित होगा और समय पर वेतन दिया जाएगा।
साथ ही श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन ने एक कंट्रोल रूम भी बनाया है। श्रमिक अपनी शिकायतें इन नंबरों पर दर्ज करा सकते हैं: 0120-2978231, 0120-2978232, 0120-2978862, 0120-2978702
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। साथ ही, अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में लाने की कोशिश जारी है, लेकिन मजदूरों का गुस्सा यह साफ दिखा रहा है कि उनकी समस्याएं लंबे समय से अनसुनी हो रही थीं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस हालात को कितनी जल्दी सामान्य कर पाता है।




