Unity Utsav 2.0: मानेकशॉ सेंटर में खेल और संस्कृति से जुड़ा पूर्वोत्तर, दिखी ‘One Nation, One Dream’ की झलक

नई दिल्ली के मानेकशॉ सेंटर में 19 फरवरी 2026 को असम राइफल्स और NEASW (नॉर्थ ईस्ट एसोसिएशन फॉर सोशल वेलफेयर फाउंडेशन) द्वारा आयोजित Unity Utsav 2.0 का भव्य समापन हुआ। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्वोत्तर भारत के युवाओं को खेल और संस्कृति के माध्यम से देश की मुख्यधारा से जोड़ना और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम की थीम थी – “One Nation, One Dream” ।

Naveen Bansal
Naveen Bansal

Unity Utsav को एक ऐसे मंच के रूप में तैयार किया गया, जहां पूर्वोत्तर राज्यों के युवा अपनी प्रतिभा, पहचान और सांस्कृतिक विरासत को पूरे देश के सामने प्रस्तुत कर सकें। इस आयोजन ने युवाओं को न केवल अपनी कला दिखाने का मौका दिया, बल्कि आपसी समझ और भावनात्मक जुड़ाव को भी बढ़ाया।

इस उत्सव का पहला चरण 9 से 12 फरवरी 2026 तक खेल प्रतियोगिताओं के रूप में आयोजित किया गया था। इसमें फुटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन सहित कई खेल शामिल थे। पूर्वोत्तर के अलग-अलग राज्यों से आए युवाओं ने शानदार प्रदर्शन किया और यह साबित किया कि खेल टीमवर्क, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने का सबसे अच्छा माध्यम है। इन प्रतियोगिताओं ने युवाओं में आत्मविश्वास और भाईचारे की भावना पैदा की।

दूसरा और अंतिम चरण 19 फरवरी को दिल्ली में सांस्कृतिक कार्यक्रम के रूप में आयोजित हुआ। इसमें अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, त्रिपुरा और सिक्किम की लोकनृत्य और संगीत प्रस्तुतियां हुईं। रंग-बिरंगे परिधानों और पारंपरिक धुनों ने दर्शकों को पूर्वोत्तर भारत की समृद्ध संस्कृति से रूबरू कराया। पूरा कार्यक्रम भारत की “एकता में विविधता” की मिसाल बन गया।

इस अवसर पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने असम राइफल्स के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को जोड़ने और देश में राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करते हैं। खेल प्रतियोगिताओं में विजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया, जिससे युवाओं में उत्साह और बढ़ गया।

गौरतलब है कि Unity Utsav की शुरुआत वर्ष 2025 में हुई थी, जिसे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का मार्गदर्शन मिला था।

“Friends of the Hill People” के नाम से पहचानी जाने वाली Assam Rifles सिर्फ सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को सशक्त बनाने, सामाजिक सौहार्द बढ़ाने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभा रही है। Unity Utsav 2.0 ने यह साफ संदेश दिया कि खेल और संस्कृति के जरिए देश को एक सूत्र में पिरोया जा सकता है।