नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। देश के दो एलपीजी टैंकर Jag Vasant और Pine Gas सुरक्षित तरीके से Strait of Hormuz को पार कर चुके हैं और अब भारत की तरफ बढ़ रहे हैं। इन जहाजों पर करीब 92,600 मीट्रिक टन एलपीजी लदा हुआ है, जो देश की गैस सप्लाई के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
सरकारी जानकारी के मुताबिक, इन दोनों टैंकरों पर कुल 60 भारतीय नाविक सवार हैं। ‘जग वसंत’ पर 33 और ‘पाइन गैस’ पर 27 भारतीय मौजूद हैं। ये दोनों जहाज 26 से 28 मार्च के बीच भारत के बंदरगाहों पर पहुंच सकते हैं।

इससे पहले भी भारत के तीन जहाज फारस की खाड़ी से सुरक्षित निकलकर देश पहुंच चुके हैं, जिससे सप्लाई चेन को बनाए रखने में मदद मिली है। ऐसे समय में जब होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव बना हुआ है, इन जहाजों का सुरक्षित पहुंचना काफी राहत देने वाला माना जा रहा है।
वहीं, इस पूरे हालात पर प्रधानमंत्री Narendra Modi ने भी चिंता जताई है। उन्होंने साफ कहा है कि होर्मुज से जहाजों का आना-जाना इस समय चुनौतीपूर्ण हो गया है और इसे रोका जाना पूरी तरह अस्वीकार्य है।

प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए कई देशों पर निर्भर है और ऐसे हालात में सरकार पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि देश में फिलहाल पेट्रोलियम और गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और सप्लाई को बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।




