LPG Crisis: चाय हुई महंगी, अब दूध के दाम बढ़ने का खतरा?

डेयरी कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि अगर अगले 10 दिनों में हालात नहीं सुधरे, तो दूध के दाम बढ़ सकते हैं या बाजार में इसकी कमी हो सकती है। खासकर शहरों में, जहां लोग पैकेज्ड दूध पर निर्भर हैं, वहां ज्यादा असर देखने को मिल सकता है।

अब दूध भी महंगा होने की आशंका...
अब दूध भी महंगा होने की आशंका...

नई दिल्ली: मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव का असर अब सीधे आम लोगों की जेब पर पड़ने लगा है। Iran और Israel के बीच हालात बिगड़ने से एलपीजी की सप्लाई प्रभावित हुई है, जिसका असर अब भारत में दिखने लगा है। पहले चाय के दाम बढ़े और अब दूध भी महंगा होने की आशंका जताई जा रही है।

दरअसल एलपीजी की किल्लत के कारण छोटे कारोबारियों से लेकर बड़े उद्योग तक प्रभावित हो रहे हैं। कई जगह चाय बेचने वालों ने 10 रुपये वाली चाय को 15 रुपये तक कर दिया है। होटल और रेस्टोरेंट पहले से ही महंगी गैस की मार झेल रहे थे, अब डेयरी इंडस्ट्री भी इस संकट में घिरती नजर आ रही है।

डेयरी सेक्टर में एलपीजी का इस्तेमाल काफी अहम होता है। दूध को सुरक्षित रखने के लिए उसे एक तय तापमान पर गर्म किया जाता है, जिसे पाश्चराइजेशन कहा जाता है। इसके लिए लगातार गैस की जरूरत होती है। लेकिन सप्लाई में कमी के चलते छोटे और मध्यम डेयरी प्लांट्स को ज्यादा परेशानी हो रही है।

इतना ही नहीं, दूध की पैकेजिंग पर भी असर पड़ रहा है। दूध के पैकेट और कार्टन बनाने वाली फैक्ट्रियां भी एलपीजी पर निर्भर हैं। गैस की कमी के कारण उनका प्रोडक्शन धीमा हो गया है, जिससे आने वाले दिनों में दूध की सप्लाई कम हो सकती है।

भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए काफी हद तक आयात पर निर्भर है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय हालात का सीधा असर देश के बाजार पर पड़ता है। फिलहाल यह संकट अस्थायी माना जा रहा है, लेकिन अगर स्थिति लंबे समय तक बनी रही तो आम आदमी की रसोई का बजट और बिगड़ सकता है।