नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर में मौजूदा सुरक्षा हालात को लेकर उपराज्यपाल Manoj Sinha ने जम्मू में एक अहम समीक्षा बैठक की। इस बैठक में मुख्य सचिव, डीजीपी और केंद्र शासित प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्त (DC) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) मौजूद रहे। बैठक का मकसद पूरे जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति की गहराई से समीक्षा करना और आगे की रणनीति तय करना था।
बैठक के दौरान एलजी मनोज सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में शांति बनाए रखना केवल सरकार या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी समुदायों से अपील की कि वे शांति और भाईचारे को बनाए रखें और किसी भी अफवाह या तनाव फैलाने वाली बातों से दूर रहें।
एलजी ने जम्मू-कश्मीर पुलिस, सुरक्षा बलों और नागरिक प्रशासन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि जिस तरह से सभी एजेंसियां मिलकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जुटी हैं, वह काबिले-तारीफ है। उन्होंने इसे “एकजुट और मजबूत प्रयास” बताया और कहा कि यही वजह है कि प्रदेश में हालात नियंत्रण में हैं।
बैठक में पश्चिम एशिया (West Asia) की मौजूदा स्थिति पर भी चर्चा हुई। एलजी ने बताया कि सरकार वहां के हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर प्रशासन, विदेश मंत्रालय के साथ समन्वय में काम कर रहा है ताकि पश्चिम एशिया में रह रहे जम्मू-कश्मीर के लोगों और छात्रों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित की जा सके।
एलजी मनोज सिन्हा ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि यह समय एकजुट रहने का है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाहों पर भरोसा न करें और प्रशासन द्वारा जारी की जाने वाली आधिकारिक सूचनाओं पर ही ध्यान दें।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने जिलों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करें और किसी भी संवेदनशील स्थिति से तुरंत निपटने के लिए तैयार रहें। साथ ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर फैलने वाली गलत सूचनाओं पर भी कड़ी नजर रखने को कहा गया।




