Indore Murder Case: तंत्र-मंत्र के नाम पर प्रेमिका की हत्या, जो हुआ सो हो गया… बोला आरोपी

इंदौर के द्वारकापुरी इलाके में सामने आए एक सनसनीखेज हत्याकांड ने सभी को झकझोर दिया है। अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या के आरोप में पकड़े गए युवक पीयूष धामनोदिया को अपने किए पर कोई पछतावा नहीं दिख रहा। पुलिस रिमांड पर ले जाते समय जब उससे हत्या की वजह पूछी गई तो वह मुस्कराता रहा और बोला, “छोड़ो न यार, क्या करोगे जानकर… जो हुआ सो हो गया।”

पुलिस के अनुसार पीयूष और मृतक युवती की दोस्ती कॉलेज में हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और शादी को लेकर बात चल रही थी, लेकिन परिवार की मंजूरी नहीं मिलने से विवाद बढ़ता गया। जांच में सामने आया है कि आरोपी युवती पर शक करता था और इसी बात को लेकर उनके बीच अक्सर झगड़ा होता था।

घटना वाले दिन युवती घर से यह कहकर निकली थी कि उसे जरूरी काम से बाहर जाना है। बाद में उसने परिवार को बताया कि वह दोस्त के साथ जन्मदिन पार्टी में जा रही है। उसी दिन आरोपी ने उसे अपने कमरे पर बुलाया। वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ और गुस्से में उसने युवती की जान ले ली।

हत्या के बाद आरोपी मुंबई भाग गया। पुलिस ने वहां से उसे गिरफ्तार किया और इंदौर लाकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में उसने यह भी स्वीकार किया कि वह जंगल में जाकर तंत्र-मंत्र और जादू-टोना कर मृतक की आत्मा को बुलाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर व्यवहार कर रहा है और बार-बार अपने बयान बदल रहा है।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने युवती के निजी वीडियो और तस्वीरों का गलत इस्तेमाल किया और उन्हें सोशल मीडिया पर फैलाया। पुलिस अब डिजिटल सबूत, सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर पूरे मामले की कड़ी जोड़ रही है।

डीसीपी ने बताया कि आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर रखा गया है और उससे गहन पूछताछ जारी है। पुलिस का मानना है कि उसके बयान जांच को भटकाने की कोशिश हो सकते हैं। फिलहाल इंदौर पुलिस इस जघन्य अपराध से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।