टी-20 वर्ल्ड कप पर फिर भारत का कब्जा, न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार बना चैंपियन

इस जीत के साथ भारत ने पिछले 20 महीनों में तीसरा आईसीसी खिताब अपने नाम कर लिया है। जून 2024 में टीम इंडिया टी-20 वर्ल्ड कप जीती थी, इसके बाद मार्च 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी और अब 2026 में फिर टी-20 वर्ल्ड कप जीतकर भारत ने विश्व क्रिकेट में अपनी मजबूत पकड़ दिखा दी है।

भारत ने जीता तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप
भारत ने जीता तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप

नई दिल्ली: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही भारत टी-20 वर्ल्ड कप को तीसरी बार जीतने वाला पहला देश बन गया है। इससे पहले टीम इंडिया 2007 और 2024 में यह ट्रॉफी जीत चुकी है।

फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 255 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम दबाव में नजर आई और पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह भारत ने एकतरफा अंदाज में मुकाबला जीत लिया।

भारत की जीत में बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों का अहम योगदान रहा। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 15 रन देकर चार विकेट लिए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं अक्षर पटेल ने भी तीन विकेट लेकर न्यूजीलैंड की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

इससे पहले भारत की शुरुआत भी काफी धमाकेदार रही। ओपनर अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने तेज शुरुआत दी। अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 21 गेंदों में 52 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। इसके बाद संजू सैमसन और ईशान किशन ने पारी को और तेज कर दिया।

संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 89 रन बनाए, जबकि ईशान किशन ने 54 रन की तेज पारी खेली। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए तेज साझेदारी हुई, जिससे भारत का स्कोर तेजी से 200 के पार पहुंच गया। आखिर के ओवरों में शिवम दुबे ने भी तेजी से रन जोड़ते हुए टीम का स्कोर 255 तक पहुंचा दिया।

न्यूजीलैंड की ओर से टिम साइफर्ट ने कुछ देर तक संघर्ष किया, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर न्यूजीलैंड को वापसी का मौका नहीं दिया।