नई दिल्ली: मथुरा के कोसीकलां इलाके में तड़के करीब 4 बजे एक ऐसी घटना हुई जिसने पूरे ब्रज क्षेत्र को हिला कर रख दिया। ‘फरसा वाले बाबा’ के नाम से मशहूर गौरक्षक संत चंद्रशेखर की मौत हो गई। आरोप है कि गौतस्करों का पीछा करते वक्त उन्हें वाहन से कुचल दिया गया। इस घटना को लेकर लोग इसे सीधा हत्या बता रहे हैं।
घटना के बाद जैसे ही खबर फैली, बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। गुस्साए लोगों ने दिल्ली-आगरा हाईवे जाम कर दिया, जिससे लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। सैकड़ों गाड़ियां सड़क पर फंसी रहीं और हालात धीरे-धीरे बिगड़ते चले गए।
स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है, जबकि तीन अन्य अभी फरार बताए जा रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी को लेकर लोगों में और नाराजगी बढ़ गई। इसी गुस्से ने हिंसक रूप ले लिया और कुछ जगहों पर पुलिस पर पथराव भी हुआ। हालात काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
बाबा चंद्रशेखर ब्रज क्षेत्र में गौतस्करी के खिलाफ सक्रिय रहे हैं और एक सख्त छवि वाले संत के रूप में जाने जाते थे। उनकी मौत के बाद संत समाज और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
फिलहाल पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है। लेकिन माहौल अब भी तनावपूर्ण बना हुआ है और लोग इस घटना की सच्चाई जानना चाहते हैं।




