दुबई की उड़ानों पर ब्रेक, एमिरेट्स ने सभी फ्लाइट्स फिलहाल के लिए रोकीं

एमिरेट्स ने कहा है कि वह लगातार मौजूदा स्थिति पर नजर रख रही है और संबंधित अधिकारियों के साथ संपर्क में है। जैसे ही स्थिति स्थिर होगी, फ्लाइट्स के संचालन को फिर से शुरू करने की जानकारी यात्रियों को दे दी जाएगी।

दुबई की उड़ाने फिलहाल के लिए रद्द
दुबई की उड़ाने फिलहाल के लिए रद्द

नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब हवाई यात्राओं पर भी दिखने लगा है। दुबई की बड़ी एयरलाइन एमिरेट्स ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए दुबई से आने-जाने वाली अपनी सभी फ्लाइट्स को अगली सूचना तक अस्थायी रूप से रोक दिया है। इस फैसले से हजारों अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हुई हैं।

एयरलाइन ने साफ कहा है कि फिलहाल यात्री एयरपोर्ट न पहुंचें, क्योंकि उड़ानों का संचालन अस्थायी तौर पर बंद कर दिया गया है। कंपनी के अनुसार यह फैसला यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। हालात सामान्य होने के बाद ही उड़ानों को दोबारा शुरू किया जाएगा।

हालांकि जिन यात्रियों की फ्लाइट 28 फरवरी से 31 मार्च 2026 के बीच बुक थी, उनके लिए एयरलाइन ने कुछ विकल्प भी दिए हैं। सबसे पहले, यात्री चाहें तो अपनी टिकट को किसी दूसरी उपलब्ध फ्लाइट पर रीबुक कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें 30 अप्रैल 2026 तक का समय दिया गया है। रीबुकिंग करते समय कुछ नियम और शर्तें लागू हो सकती हैं।

दूसरा विकल्प यह है कि अगर यात्री फिलहाल यात्रा नहीं करना चाहते, तो वे अपने टिकट का पूरा रिफंड भी ले सकते हैं। जिन लोगों ने टिकट सीधे एमिरेट्स की वेबसाइट या ऑफिस से खरीदी है, वे ऑनलाइन रिफंड के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं जिन यात्रियों ने ट्रैवल एजेंट के जरिए टिकट बुक कराई है, उन्हें अपने एजेंट से संपर्क करना होगा।

एयरलाइन ने यात्रियों से यह भी अपील की है कि वे अपनी संपर्क जानकारी जैसे मोबाइल नंबर और ई-मेल अपडेट रखें, ताकि फ्लाइट से जुड़े नए अपडेट उन्हें समय पर मिल सकें।

इसके अलावा दुबई में मौजूद एमिरेट्स के सभी सिटी चेक-इन सेंटर भी फिलहाल बंद कर दिए गए हैं। आम तौर पर यात्री एयरपोर्ट जाने से पहले यहां से चेक-इन कर लेते थे, लेकिन फिलहाल यह सुविधा उपलब्ध नहीं रहेगी।

एविएशन विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं पर साफ दिखाई दे रहा है और कई एयरलाइंस अपने संचालन में बदलाव कर रही हैं। फिलहाल यात्रियों को हालात सामान्य होने का इंतजार करना होगा।