कांग्रेस दिल्ली में विधायकों की गिनती करें, पंजाब में आप विधायकों की फिक्र छोड़ें: भगवंत मान

नई दिल्ली :दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में हार के बाद आज आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के आह्वान पर दिल्ली में पंजाब के विधायकों की बैठक हुई। बैठक में शामिल होने के लिए पंजाब के विधायक कपूरथला हाउस पहुंचे थे। बैठक के एजेंडे को लेकर अबतक कुछ भी स्पष्ट नहीं हो सका। बैठक में हिस्सा लेने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान भी पहुंचे। बैठक के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि दिल्ली चुनाव में पंजाब की टीम की मेहनत पर अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ने टीम की पीठ थपथपाई। 

पंजाब के मुख्ममंत्री ने कहा कि दिल्ली का जनादेश सिर माथे है। हार-जीत तो चलती रहती है। देश में पंजाब को मिसाल बनाएंगे। पहले भी काम करते थे और अब भी काम करेंगे। पंजाब को हर स्तर पर पहचान दिलाएंगे। पंजाब को विकास का नया मॉडल बनाएंगे। हमारे कार्यकर्ता किसी लालच में नहीं आते। कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा के इस दावे की आम आदमी पार्टी के 30 विधायक कांग्रेस के संपर्क में हैं, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, वह पिछले तीन साल से यही दावा कर उन्हें आप विधायकों को छोडक़र पहले दिल्ली में कांग्रेस के विधायकों की संख्या गिननी चाहिए। 

भगवंत मान ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली चुनाव में विधायकों को मेहनत करने पर धन्यवाद कहा है। पंजाब सरकार लोगों के लिए काम करती रहेगी। जो काम 75 सालों में नहीं हो पाया। वो काम आप ने 10 साल में करके दिखाए। हम दिल्ली जैसा मॉडल पंजाब में करके दिखाएंगे। हम साथ काम करेंगे। हमारी पार्टी काम करने के लिए जानी जाती है।