लोकसभा स्पीकर के खिलाफ प्रस्ताव पर चर्चा के आसार, 9–10 मार्च के लिए बीजेपी का व्हिप

जब बजट सत्र का दूसरा चरण शुरू होने जा रहा है, तो विपक्ष द्वारा लोकसभा स्पीकर के खिलाफ लाए गए प्रस्ताव पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए बीजेपी ने अपने सांसदों को व्हिप जारी किया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में संसद में राजनीतिक बहस और भी तेज हो सकती है।

9–10 मार्च को बीजेपी ने अपने सांसदो के लिए जारी किया व्हिप
9–10 मार्च को बीजेपी ने अपने सांसदो के लिए जारी किया व्हिप

नई दिल्ली: संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू होने जा रहा है और इसी के साथ राजनीतिक माहौल भी गरमाने के संकेत मिल रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने लोकसभा सांसदों को 9 और 10 मार्च के लिए व्हिप जारी किया है। माना जा रहा है कि इन दिनों लोकसभा स्पीकर को हटाने से जुड़े विपक्ष के प्रस्ताव पर चर्चा हो सकती है, इसलिए पार्टी ने अपने सभी सांसदों को सदन में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं।

दरअसल, संसद का बजट सत्र 28 जनवरी को राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ था। यह सत्र कुल 65 दिनों तक चलेगा और इसमें करीब 30 बैठकें प्रस्तावित हैं। पहला चरण 13 फरवरी को समाप्त हुआ था, जबकि दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू होकर 2 अप्रैल तक चलेगा। बजट सत्र के पहले चरण में भी कई मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस और हंगामा देखने को मिला था।

पहले चरण में मुख्य रूप से केंद्रीय बजट 2026-27 और राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को लेकर चर्चा हुई थी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी को लोकसभा में लगातार नौवीं बार बजट पेश किया था। इस दौरान सरकार की आर्थिक नीति और आने वाले वर्षों की वित्तीय रणनीति पर भी विस्तृत चर्चा हुई।

इसी बीच विपक्ष ने कई मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश की। खासतौर पर ग्रामीण रोजगार से जुड़ी योजनाओं और चुनावी सूची के पुनरीक्षण जैसे विषयों पर विपक्ष ने सवाल उठाए। इसके अलावा पूर्व सेना प्रमुख की एक अप्रकाशित किताब का जिक्र किए जाने को लेकर भी संसद में विवाद हुआ था।

सत्र के दौरान राहुल गांधी द्वारा चीन और पूर्वी लद्दाख से जुड़े मुद्दे उठाने पर भी सदन में काफी हंगामा हुआ। इस दौरान नियमों के उल्लंघन के आरोप में कुछ विपक्षी सांसदों को निलंबित भी किया गया था।