नई दिल्ली: Bharatiya Janata Party ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। इसे जारी करते हुए Amit Shah ने ममता सरकार के 15 साल के शासन को निशाने पर लिया और बदलाव की जरूरत बताई।
बीजेपी के इस घोषणापत्र में सबसे बड़ा फोकस महिलाओं और युवाओं पर रखा गया है। पार्टी ने वादा किया है कि अगर उनकी सरकार बनती है तो हर महिला के खाते में हर महीने 3 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। वहीं बेरोजगार युवाओं को भी हर महीने 3 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने की बात कही गई है।
इसके अलावा सरकारी कर्मचारियों के लिए भी बड़ा ऐलान किया गया है। बीजेपी ने कहा है कि सरकार बनने के 45 दिनों के अंदर 7वां वेतन आयोग लागू कर दिया जाएगा और डीए भी सुनिश्चित किया जाएगा। इससे लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को फायदा मिलने की बात कही जा रही है।
सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी बीजेपी ने सख्त रुख अपनाया है। पार्टी ने साफ कहा है कि घुसपैठ के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई जाएगी और “डिटेक्ट, डिलीट और डिपोर्ट” के तहत कार्रवाई होगी। साथ ही गौ तस्करी को पूरी तरह रोकने का भी वादा किया गया है।
स्वास्थ्य और केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर भी कई घोषणाएं की गई हैं। पार्टी ने कहा है कि Narendra Modi की योजनाओं जैसे आयुष्मान भारत को पूरी तरह राज्य में लागू किया जाएगा। महिलाओं के लिए मुफ्त जांच, टीकाकरण और सुरक्षित डिलीवरी की सुविधा देने की बात भी कही गई है।
बीजेपी ने रोजगार को लेकर भी बड़ा दावा किया है। पार्टी का कहना है कि उद्योग और स्टार्टअप को बढ़ावा देकर एक करोड़ रोजगार और स्वरोजगार के मौके तैयार किए जाएंगे। साथ ही भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दोषियों को जेल भेजने का भी वादा किया गया है।
बीजेपी का यह संकल्प पत्र सीधे तौर पर आम जनता, खासकर महिलाओं और युवाओं को साधने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि चुनाव में इसका कितना असर पड़ता है।




