समिट के दौरान दिल्ली के मशहूर होटलों में एक रात का किराया लाखों रुपये में पहुंच गया है। कुछ लग्जरी सुइट्स के रेट टैक्स मिलाकर ₹30 लाख से भी ज्यादा बताए जा रहे हैं। वहीं, आम तौर पर ₹2 से ₹3 लाख में मिलने वाले कमरे समिट के दिनों में 10 से 15 गुना महंगे हो गए हैं। होटल बुकिंग प्लेटफॉर्म्स के अनुसार, दिल्ली के लिए होटल सर्च में करीब 6 गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
द लीला पैलेस, द ओबेरॉय, ताज पैलेस और द ललित जैसे बड़े होटलों में लगभग 95 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी हो चुकी है। जहां थोड़े बहुत कमरे बचे भी हैं, वहां एक रात का किराया ₹70,000 से ₹1 लाख के बीच पहुंच चुका है। इस समिट में करीब 35,000 से ज्यादा देश-विदेश के डेलिगेट्स के शामिल होने की उम्मीद है, जिससे होटल, कैटरिंग, ट्रांसपोर्ट और इवेंट मैनेजमेंट सेक्टर को बड़ा फायदा हो रहा है।
इस समिट का असर सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं है। नोएडा और गुरुग्राम के होटलों में भी तेजी से बुकिंग बढ़ी है। कई विदेशी मेहमान अब अपने बिजनेस ट्रिप को घूमने-फिरने के मौके में बदल रहे हैं। समिट खत्म होने के बाद जिम कॉर्बेट, मसूरी और मुक्तेश्वर जैसे हिल स्टेशनों के लिए भी बुकिंग कराई जा रही है।
टूरिज्म एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह ट्रेंड भारत के लिए अच्छा संकेत है, क्योंकि इससे ‘बिजनेस प्लस घूमना’ यानी Bleisure Travel को बढ़ावा मिल रहा है। एआई समिट ने एक तरफ भारत की टेक ताकत को दुनिया के सामने रखा है, तो दूसरी तरफ होटल और टूरिज्म इंडस्ट्री को भी जबरदस्त बूस्ट दिया है।
कुल मिलाकर, AI Impact Summit 2026 ने दिल्ली को कुछ दिनों के लिए दुनिया के सबसे महंगे और हाई-प्रोफाइल शहरों की कतार में खड़ा कर दिया है।




