AI समिट के दौरान भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, शर्ट उतारकर जताया विरोध

यूथ कांग्रेस ने इस प्रदर्शन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए। संगठन का कहना है कि यह विरोध भारत की विदेश नीति और कथित “समझौतावादी रवैये” के खिलाफ था। यूथ कांग्रेस के अनुसार, उनका मकसद देश की अस्मिता और हितों की रक्षा को लेकर आवाज उठाना था।

नई दिल्ली: दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे एआई इंपैक्ट समिट के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अचानक विरोध प्रदर्शन कर दिया। कार्यकर्ताओं ने शर्ट उतारकर नारेबाजी की और भारत-अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया। इस प्रदर्शन से कुछ देर के लिए कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता टी-शर्ट पहनकर अंदर पहुंचे थे, जिन पर प्रधानमंत्री की तस्वीर बनी हुई थी। कुछ ही देर बाद उन्होंने शर्ट उतारकर नारे लगाने शुरू कर दिए। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए गए और सरकार की विदेश नीति पर सवाल खड़े किए गए।

दूसरी ओर, बीजेपी ने इस पूरे घटनाक्रम को शर्मनाक बताया है। पार्टी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस और उसके युवा संगठन इस तरह के प्रदर्शन से देश की छवि खराब कर रहे हैं। बीजेपी का आरोप है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस केवल नाटक और हंगामे की राजनीति कर रही है।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि इस मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ये कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल में पास के जरिए घुसे थे या क्यूआर कोड स्कैन कर अंदर आए थे। सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक हुई या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आयोजकों से भी पूछताछ की जा रही है। भारत मंडपम जैसे संवेदनशील और अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम स्थल पर इस तरह का प्रदर्शन सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर रहा है। अब देखना होगा कि इस मामले में आगे क्या कानूनी कदम उठाए जाते हैं और राजनीतिक बयानबाजी किस दिशा में जाती है।